रायबरेली: ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक सवारों को मारी टक्कर, दो सगी बहनों की मौत, चचेरा भाई गंभीर
सरेनी (रायबरेली ) अमृत विचार। बड़ी बहन के यहां निमंत्रण खाकर वापस लौट रहे बाइक सवारों को लकड़ी लदे एक ट्रैक्टर-ट्राली ने अनियंत्रित होकर टक्कर मार दी। जिससे बाइक पर सवार दो सगी बहनों की मौके पर मौत हो गई है। जबकि बाइक चला रहा चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है। जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा रविवार की रात करीब 11 बजे हुआ है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रौतापुर निवासी राजू सिंह उर्फ पहलवान सिंह की दो बेटियां कल्पना (22 वर्ष) व शिक्षा (18 वर्ष) अपने चचेरे भाई सौरभ सिंह पुत्र विमल सिंह के साथ बाइक से अपनी बड़ी बहन के यहां गांव शीतलखेड़ा निमंत्रण में गई हुई थी।
जहां से देर रात वापस घर लौटते समय थाना क्षेत्र के अंतर्गत गेगासो क्रासिंग-बेनीमाधवगंज मुख्य मार्ग स्थित अहिरन का पुरवा गांव मोड़ के पास एक तेज रफ्तार लकड़ी से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें सौरभ गंभीर रूप से घायल हो गया, और दोनों सगी बहनों कल्पना व शिक्षा की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया है।
वहीं अंधेरे का फायदा उठाते हुए ट्रैक्टर चालक मौके से ट्रैक्टर समेत भागने में कामयाब रहा। फिलहाल पुलिस ट्रैक्टर ट्राली की तलाश में जुटी हुई है।घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में गंभीर रूप से घायल चचेरे भाई को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें:-रायबरेली: खेत में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप, भाइयों ने लगाया हत्या का आरोप
