Nikay Chunav 2023 : भाजपा से विनोद अग्रवाल, सपा से रईसुद्दीन ने कराया नामांकन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बसपा से यामीन व कांग्रेस के रिजवान समेत 13 उम्मीदवारों ने की महापौर के लिए दावेदारी

मुरादाबाद। नगर निकाय चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के आखिरी दिन सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में महापौर पद के लिए भाजपा, सपा, कांग्रेस, बसपा सहित 13 प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। अपर जिलाधिकारी प्रशासन सुरेंद्र सिंह के न्यायालय कक्ष में पहुंचे प्रत्याशियों ने दो, तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा के विनोद अग्रवाल ने तीन सेट में नामांकन भरा। वहीं सपा के रईसुद्दीन, बसपा के मोहम्मद यामीन और कांग्रेस के रिजवान कुरैशी ने पर्चा दाखिल किया। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के चंदन भट्ट, एआईएमआईएम मुस्तजाब ने नामांकन पत्र भरा। वहीं मुशायरा ग्राउंड में 14 काउंटरों पर 70 वार्डों के पार्षद पदों के लिए भी पर्चे भरे गए। 

भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी विनोद अग्रवाल ने नगर विधायक रितेश कुमार गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शेफाली सिंह, विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी, पूर्व सांसद सर्वेश सिंह, महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, प्रिया अग्रवाल आदि के साथ पहुंचकर तीन सेट में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि महानगर में विकास के जो कार्य चल रहे हैं उसे पूरा कराएंगे, स्मार्ट सिटी मिशन की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को पूरा कराने का कार्य जनता के आशीर्वाद से जीत के बाद करेंगे। 

समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी सैय्यद रईसुद्दीन ने जिलाध्यक्ष डीपी यादव के साथ आकर नामांकन पत्र दाखिल किया। कांग्रेस के रिजवान कुरैशी ने प्रभुजोत सिंह आदि के साथ पर्चा दाखिल किया। वहीं बसपा के मोहम्मद यामीन ने जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश आदि के साथ नामांकन किया। नामांकन करने आए कई दलीय प्रत्याशियों के साथ आई भीड़ को गेट पर ही रोका गया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने एसएसपी सहित अन्य अधिकारियों के साथ नामांकन प्रक्रिया का निरीक्षण कर रिटर्निंग अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए निष्पक्ष और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। कहा कि जो भी शिकायत मिले उसे तत्काल निस्तारित करें। सुरक्षा व्यवस्था में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। 

महापौर के लिए नामांकन
भाजपा-विनोद अग्रवाल, सपा-सैय्यद रईसुद्दीन, बसपा-मोहम्मद यामीन, कांग्रेस-मोहम्मद रिजवान, आम आदमी पार्टी-चंदन भट्ट, एआईएमआईएम- मुस्तजाब अहमद, निर्दलीय-अनवर, नितिन वर्मा, जूही शबनम, मासूमा निजाम, शाहिद हुसैन और सलीम अख्तर शामिल रहे। 

बसपा ने 13 वार्डों में घोषित किए पार्षद प्रत्याशी
मुरादाबाद। बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश ने सोमवार को नगर निगम के 13 वार्ड प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की। इसमें वार्ड चार से पूनम चौहान, सात से अनीता, नौ से राकेश सैनी, 15 से शाहरून मलिक, 16-लहरी चरन, 20-कैसर जहां, 21-संजीव गुलाटी, 25-रामचंद्र सैनी, 27-नौसवां परवीन, 37-सतेंद्र सैनी, 48-मोहम्मद आकिब अंसारी, 53-इशरत अली और वार्ड नंबर 69 से चांदनी को प्रत्याशी बनाया गया है।

निकाय चुनाव में 1906 ने दाखिल किया नामांकन
मुरादाबाद। नगर निकाय चुनाव में  विभिन्न निकायों में कुल 1906 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसमें सर्वाधिक संख्या आखिरी दिन सोमवार को रही। नगर निगम के महापौर पद के लिए 13 ने नामांकन पत्र दाखिल किया। तो 70 वार्डों में पार्षद पद के लिए 497 ने पर्चा भरकर अपनी दावेदारी की। एडीएम युगराज सिंह ने बताया कि नगर पालिकाओं में अध्यक्ष के लिए 29, सदस्य के 306, आठ नगर पंचायतों में अध्यक्ष के लिए 177 और सदस्यों के लिए 884 नामांकन पत्र भरे गए हैं। नगर निगम के वार्डों में सर्वाधिक 53 नामांकन वार्ड 41-45 के रिटर्निंग अधिकारी के सामने दाखिल हुए। दूसरे नंबर पर 42-42 नामांकन पत्र वार्ड 11-15 और 66 से 70 वार्ड के रिटर्निंग अधिकारी के सामने आया।

ये भी पढ़ें :  मुरादाबाद : विनोद अग्रवाल को हैट्रिक के लिए कमल निशान, सीधी राजनीति के जरिए जनसेवा को विस्तार देंगे सपा प्रत्याशी

संबंधित समाचार