हल्द्वानी: वन निगम ने 10 क्विंटल बढ़ाई नदी से उपखनिज निकासी की मात्रा

Amrit Vichar Network
Published By Bhupesh Kanaujia
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। वन विकास निगम ने गौला नदी से उपखनिज निकासी की मात्रा में 10 क्विंटल की वृद्धि की है। अब नदी से वाहन समेत 195 क्विंटल उपखनिज निकाला जा सकता है। 

गौला नदी में वन विभाग की देखरेख में वन विकास निगम खनन करता है। पूर्व में वन निगम ने खनन की मात्रा का निर्धारण समाप्त  कर दिया था यानी वाहन क्षमता अनुसार उपखनिज निकासी कर सकता है। हालांकि पूर्व में 22 घनमीटर यानी 108 क्विंटल से अधिक की निकासी पर रोक थी।

इसके बाद धड़ल्ले से ओवरलोड हुआ था। वाहन स्वामियों ने इसके विरुद्ध हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। इसके बाद मनमाने वजन ढोने पर अंकुश लगाया था  हालांकि तब भी वन निगम ने वाहन समेत 185 क्विंटल वजन ढोने की अनुमति दी थी। इधर सोमवार से वन निगम ने इस मात्रा में वृद्धि कर दी है।

वन विभाग के अनुसार अब नदी से वाहन समेत आरबीएम का वजह 195 क्विटंल कर दिया है। इस वजह से ओवरलोड की आशंका बढ़ गई है। वहीं ओवरलोड पर एक दिन की निकासी बंद होने का प्रावधान समाप्त होने के बाद धड़ल्लेसे ओवरलोडिंग हो रही है। रोज वजन में बदलाव को लेकर वन विभाग की दिक्कतें बढ़ गई है।

वन निगम ने वाहन समेत आरबीएम का वजन 195 क्विंटल कर दिया है। आए दिन बदलाव हो रहे हैं। जब गेटों पर सॉफ्टवेयर अपडेट होता है तब इसकी जानकारी मिलती है। 
= चंदन सिंह अधिकारी, रेंजर, गौला तराई पूर्वी वन डिवीजन


वाहन स्वामियों ने 108 क्विंटल को हाईकोर्ट की याचिका दायर की थी। पहले वाहन समेत 185 क्विंटल अब 195 क्विंटल कर दिया है। यह हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना है। वन निगम के इस फैसले के विरोध में हाईकोर्ट में फिर से याचिका दायर करेंगे। 
= पम्मी सैफी, अध्यक्ष गौला खनन संघर्ष समिति, हल्द्वानी

 11.74 लाख घनमीटर उपखनिज की निकासी है बाकी
वन विभाग के अनुसार, गौला  नदी से 21 लाख 74 हजार घनमीटर उपखनिज की निकासी का लक्ष्य है। अब तक 10 लाख घनमीटर उपखनिज निकाला जा चुका है अब सिर्फ 11.74 लाख घनमीटर उपखनिज की निकासी बाकी है। संभावना है कि मई के तीसरे हफ्ते में खनन लक्ष्य पूरा हो जाएगा। 

 

संबंधित समाचार