रुद्रपुर: पुलिस पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप, गुस्साए लोगों ने घेरा थाना
रुद्रपुर, अमृत विचार। ट्रांजिट कैंप में बंगाली समाज द्वारा कराए जा रहे धार्मिक आयोजन के दौरान पुलिस कर्मियों द्वारा अभद्रता किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस पर लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगा है।
पुलिस कर्मियों के दुर्व्यवहार से गुस्साए लोगों ने रविवार की देर रात थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन कर आरोपी पुलिस कार्मिकों के निलंबन की मांग की। बाद में थाना प्रभारी ने घटना के लिए माफी मांग मामला शांत करवाया।
बताते चले कि बंगाली बाहुल्य ट्रांजिट कैंप में मंदिर कमेटी के लोग पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन करते हैं। रविवार की रात डेढ़ बजे के करीब जैसे ही कार्यक्रम प्रारंभ हुआ तो किसी ने 112 पर इसकी शिकायत कर दी। आरोप है कि सूचना पर पहुंचे पुलिस कमियों ने अभद्रता करना शुरू कर दिया।
पुलिस वाले जूते पहनकर मंदिर में घुस गए। लोगों का यह भी आरोप था कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी नशे की हालत में थे। पुलिस कर्मियों के इस व्यवहार से गुस्साए बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष थाना ट्रांजिट कैंप पहुंचे और थाने का घेराव करते आरोपी पुलिस कर्मियों को निलंबित करने की मांग करने लगे।
चना मिलते ही भाजपा नेता उत्तम दत्ता और तरुण दत्ता भी मौके पर पहुंचे। काफी देर चले बवाल के बाद थाना प्रभारी ट्रांजिट कैंप सुंदरम शर्मा ने मौके पर आकर पुलिस वालों पर लगे आरोपों पर हाथ जोड़कर माफी मांगी और भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति नहीं होने का आश्वासन दिया।
कोतवाल के इस अंदाज ने लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इस मौके पर आलोक राय, शुभम दास, बाबू सरदार, प्रणय चौधरी आदि मौजूद रहे।
रविवार की देर रात तक तेज ध्वनि में लाउडस्पीकर बजने की 112 पर स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाने के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और आवाज को कम करने की बात कही। मगर लोगों का आरोप था कि पुलिस कर्मियों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाया है। बावजूद गुस्साए लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत करवाया।
-सुंदरम शर्मा, थाना प्रभारी, ट्रांजिट कैंप
