बागेश्वर: गांव वाले बोले हर हाल में बचाएंगे काली मंदिर और अपनी जमीन, सरकार की नहीं चलने देंगे मनमानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

https://www.amritvichar.com/article/361314/the-villagers-of-bageshwar-said-that-they-will-save-the

बागेश्वर, अमृत विचार। कांडा स्थित शंकराचार्य द्वारा स्थापित मां काली की शक्ति व मंदिर समेत अपनी पैतृक भूमि को बचाने के लिए अब कांडा के ग्रामीण एकजुट हो गए हैं। उन्होंने सरकार व प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र खनन नहीं रोका तथा सुरक्षा उपाय नहीं किए तो उग्र आंदोलन करेंगे। इसके लिए बाहरी क्षेत्र में रह रहे स्थानीय ग्रामीणों को भी सूचना देकर आमंत्रित करने का निर्णय लिया।
 

मंदिर समिति के अध्यक्ष रघुवीर सिंह माजिला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन समेत विभिन्न राजनैतिक दल ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा कर रहे हैं। ग्रामीण दो साल से क्षेत्र में दरार आने व मंदिर के झुकने से जिलाधिकारी, प्रदेश सरकार को अवगत कराते रहे परंतु किसी ने नहीं सुनी।

कहा कि एक ओर सरकार धरोहरों को संरक्षित करने की बात कह रही है। वहीं, मां काली का मंदिर झुक रहा है, शक्ति खिसक रही है परंतु जनप्रतिनिधियों के साथ ही प्रशासन भी इसे हल्के में ले रहा है। वक्ताओं ने अब तक सत्ताधारी दल समेत अन्य दलों के नेताओं द्वारा चुप्पी न तोड़ने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के मशीन के प्रयोग रोकने के आदेश के बाद भी खनन व्यवसायी रात्रि में खनन कर रहे हैं।

ग्रामीणों द्वारा कई सालों से ज्ञापन भेजे गए परंतु किसी ने सुध नहीं ली जो कि सरकार व प्रशासन पर सवालिया निशान पैदा करता है। ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि यदि एक सप्ताह के भीतर लीज निरस्त नहीं की व मंदिर व मकानों की सुरक्षा हेतु उपाय नहीं किए तो ग्रामीण आंदोलन को बाध्य होंगे। बैठक में संतोष माजिला, भगवान सिंह माजिला, कैलाश वर्मा, वंशीधर कांडपाल, बबलू कांडपाल, ममता देवी, भावना देवी, सरूली देवी, दीपा, कौशल्या, आनंद सिंह, एलएस वर्मा आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार