Fatehpur Accident : दुर्घटना करके भाग रहे ट्रक चालक ने सिपाही की ली जान, 2015 में हुई थी शादी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर में ट्रक की टक्कर से सिपाही की मौत।

फतेहपुर में बिदंकी थानाक्षेत्र में दुर्घटना करके भाग रहे ट्रक चालक ने सिपाही को कुचल दिया। जिससे सिपाही की मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

फतेहपुर, अमृत विचार। बाइक सवार को टक्कर मारकर भाग रहे ट्रक चालक ने ट्रक रुकवा रहे सिपाही को कुचल दिया। जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी पाते पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचा और आनन फानन घायल को स्थानीय सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए कानपुर हैलट अस्पताल के लिए रेफर किया। जहां इलाज के दौरान सिपाही की मौत हो गई। 

जहानाबाद एफसीआई गोदाम में कोटे का गल्ला उतार कर फतेहपुर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रविवार की रात साढ़े आठ बजे मुगल रोड में शंकर नगर गांव के पास एक बाइक सवार व मवेशी को टक्कर मारकर भाग रहा था। हादसे की सूचना खजुहा पुलिस चौकी को ग्रामीणों ने दी थी। मौके पर चौकी इंचार्ज गोविंद यादव, सिपाही हरदीप सिंह, प्रमोद कुमार व बजरंग बहादुर सिंह के साथ ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रक चालक ने ट्रक को नहीं रोका और गाड़ी की रफ्तार तेज कर दी।

ट्रक का पीछा कर रहे सिपाही हरदीप सिंह व प्रमोद ने मुगल मार्ग नहर पुल के पास ट्रक को ओवरटेक कर बिंदकी कस्बा के ललौली चौराहा के पास दयानंद इंटर कालेज के समीप रोड में बाइक खड़ी कर ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन यहां भी चालक ने गाड़ी धीमी की और रोकी नहीं। रफ्तार धीमी होने पर सिपाही प्रमोद ट्रक की खिड़की में लटककर गाड़ी रोकने को कहां।

लेकिन ट्रक चालक ने गाड़ी को लहराते हुए जाने लगा तभी बगल में ई-रिक्शा में सिपाही प्रमोद कुमार( 27) पुत्र दामोदर निवासी ग्राम धर्मपुरा थाना जीवना जिला मथुरा टकराकर नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिपाही को लेकर साथी स्थानीय सीएचसी पहुंचे। जहाँ पर प्राथमिक उपचार के बाद हालात नाजुक होने पर चिकित्सक ने कानपुर हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहा इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने कुंवरपुर रोड में दरवेशाबाद गॉव के पास चालक सहित ट्रक को पकड़ लिया है।

नौकरी लगने से पहले हुई थी शादी

2015 में सिपाही प्रमोद की शादी हुई थी। शादी के बाद उसकी नौकरी लगी और वह चार सालों से जिले में तैनात था। मौत की जानकारी उसके परिवारीजनों को हुई चीख पुकार मच गई। मृतक की पत्नी चांदनी उसके दो बेटे रिषी व लवलेश का रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक छह भाईयों में विष्णु, रामबाबू, अशोक, नवनेश, सनी में पांचवे नंबर का था।  

अफसरों ने दी अंतिम सलामी

प्रमोद के शव को पोस्टमार्टम के बाद रिजर्व पुलिस लाइन लाया गया। जहां सिपाही को अंतिम विदाई दी गई।  इस दौरान पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह व अपर पुलिस अधीक्षक विजय शंकर मिश्र अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण द्वारा पुष्पगुच्छ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। सेरेमोनीअल गार्द द्वारा शोक सलामी दी गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा शव को कंधा देकर उनके गंतव्य स्थान को रवाना किया गया।

संबंधित समाचार