Atiq Ahmed Murder : अतीक हत्याकांड का शूटर लवलेश का परिवार हुआ गायब, मकान में जड़ा ताला, पढ़ें- पूरी खबर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अतीक हत्याकांड का आरोपी लवलेश का परिवार बांदा में ताला डालकर गायब हो गया।

अतीक हत्याकांड का आरोपी लवलेश का परिवार बांदा में ताला डालकर गायब हो गया। वहीं, मोहल्लेवासी का कुछ भी बोलने से इंकार कर रहे।

बांदा, अमृत विचार। माफिया ब्रदर्स की हत्या से सुर्खियों में आये बांदा के लवलेश तिवारी का परिवार अचानक से ताला लगाकर गायब हो गया है। इसे लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गरम है।शनिवार की देर रात माफिया डॉन अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की गोली मारकर हत्या की खबर के साथ ही जिले का नाम भी सुर्खियों में आ गया और लवलेश के परिजनों के किराये के मकान में पुलिस अफसरों के साथ ही मीडिया का जमावड़ा लग गया। दिनभर की जद्दोजहद के बाद जब पूरी तस्वीर साफ हुई तो लवलेश के परिजनों की सुरक्षा के लिहाज से उनके घर पर पुलिस की तैनाती कर दी गई और किसी से मिलने जुलने पर भी रोक लगा दी गई।

चिल्ला थाना क्षेत्र के लौमर गांव निवासी यज्ञ कुमार तिवारी का तीसरे नंबर के पुत्र लवलेश ने माफिया ब्रदर्स की खुलेआम लाइव हत्या करके खुद को पुलिस के हवाले कर दिया था। उसके परिजन शहर के क्योटरा मोहल्ले में एक अधिवक्ता के घर पर किराए से रहता था। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन समेत सभी अधिकारियों ने रविवार को लवलेश के परिजनों से पूछताछ की और उन्हें सुरक्षित रहने के साथ ही किसी से कुछ न कहने की हिदायत दे रखी थी।

हालांकि लवलेश के घर के बाहर पुलिस का पहरा भी लगा दिया गया था। आसपास रहने वाले लोगों की मानें तो देर रात तक लवलेश के घर के बाहर चार पुलिस कर्मी डटे रहे हैं और उसके परिजन भी घर के अंदर मौजूद थे। लेकिन जब वह सुबह नींद से जागे तो लवलेश के घर पर ताला लटकता हुआ मिला और पुलिस कर्मी भी गायब थे। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि पुलिस की निगरानी में ही लवलेश के परिजनों को किसी सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है, लेकिन पुलिस के सूत्र इस बात से इंकार कर रहे हैं और लवलेश के परिजनों की जानकारी देने से कतरा रहे हैं।

संबंधित समाचार