उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में मकान ढहा, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आपदा फिर कहर बरपा रही है। जिले में भारी बारिश के कारण एक दो मंजिला मकान धराशायी हो गया जिससे मकान में सो रहे एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी जबकि महिला घायल हो गयी। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है। जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केन्द्र से …

नैनीताल। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में आपदा फिर कहर बरपा रही है। जिले में भारी बारिश के कारण एक दो मंजिला मकान धराशायी हो गया जिससे मकान में सो रहे एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गयी जबकि महिला घायल हो गयी। प्रशासन राहत कार्य में जुटा है।

जिला आपदा प्रबंधन परिचालन केन्द्र से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना पिथौरागढ़ तहसील के चैसर गांव के बिण तोक में गुरुवार देर रात हुई है। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। कल रात को भी भारी बारिश हुई। इसी दौरान चैसर गांव निवासी कुशलनाथ का दो मंजिला रिहायशी मकान ढह गया।

जब यह घटना घटी तब मकान में घर का मुखिया कुशलनाथ (27), पत्नी निधि (25) और दो बच्चे धनंजय (सात) तथा निकिता (तीन) सोये हुए थे। चारों लोग मलबे में दब गये। मकान ढहने की आवाज से ग्रामीण सिहर उठे। ग्रामीणों की ओर से किसी तरह से रात को ही सूचना जिला प्रशासन को दी गयी।

सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ), तत्काल राहत दल, पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीम को घटनास्थल के लिये रवाना कर दिया गया। साथ ही दो एम्बुलेंस भी मौके पर पर भेज दी गयी। एसडीआरएफ ने स्थानीय लोगों की मदद से मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया।

कुछ ही समय में चारों लोगों को मलबे से बाहर निकाल लिया गया और उन्हें पिथौरागढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने कुशलनाथ, धनंजय और निकिता को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल निधि को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है। राजस्व विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं और नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।

जिलाधिकारी डाॅ. विजय कुमार जोगदंडे की ओर से परिवार को क्षतिपूर्ति एवं सहायता राशि देने के आदेश दे दिये गये हैं। पिथौरागढ़ में आपदा का कहर रूकने का नाम नहीं ले रही है। जुलाई महीने से ही जनपद में अतिवृष्टि और भूस्खलन की कई घटनायें सामने आ चुकी हैं। कई गांव भूस्खलन की चपेट में आ गये हैं। अभी तक लगभग 24 लोगों की मौत हो गयी है।

संबंधित समाचार