मुरादाबाद : महापौर चुनाव में भाजपा का दुर्ग भेदने की दलों के सामने चुनौती

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भाजपा, कांग्रेस में पुराने चेहरे, सपा-बसपा में नये प्रत्याशी पर दारोमदार

मुरादाबाद,अमृत विचार। एक दशक से भारतीय जनता पार्टी और उसकी महापौर रहीं बीना अग्रवाल व विनोद अग्रवाल के अभेद्य किले को भेदने की चुनौती अन्य दलों के सामने है। भाजपा ने जहां एक बार फिर विनोद अग्रवाल के नाम पर सधा दांव खेला है वहीं सपा, बसपा से नये चेहरे मैदान में हैं। कांग्रेस ने पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहे रिजवान कुरैशी को फिर हाथ का साथ देकर चुनाव के दंगल में उतारा है। इसके अलावा अन्य प्रत्याशियों के सामने भाजपा का दुर्ग भेदने की चुनौती बरकरार है।  

1995 में नगर निगम बनने पर यहां से पहले महापौर सपा के हुमायूं कदीर जीते थे। बाद में यह सीट महिला सामान्य होने पर भाजपा की बीना अग्रवाल ने जीत ली। 2006 में अनारक्षित सीट पर सपा के डॉ. एसटी हसन जो वर्तमान में सांसद हैं ने जीत दर्ज कर पार्टी की वापसी कराई। लेकिन, इसके बाद फिर भाजपा का सिक्का चला। विनोद अग्रवाल की पत्नी बीना अग्रवाल ने 2012 में जीतीं। इसके बाद 2016 में उप चुनाव व उसके बाद के चुनाव में विनोद ने लगातार जीत से इस सीट पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। इसी दम पर वह इस बार पार्टी में ही टिकट के अन्य दावेदारों पर भारी पड़े और कमल चुनाव चिह्न लेकर फिर मैदान में अडिग हैं। 

list 1

कांग्रेस बसपा के लिए जीत अहम 
बसपा और कांग्रेस कभी भी महापौर की कुर्सी नहीं पा सकी है। ऐसे में पिछले बार नंबर दो पर रहे रिजवान को कांग्रेस ने फिर अपना प्रत्याशी घोषित कर दांव खेला है। जबकि बसपा के लिए जीत अभी तक दूर की कौड़ी रही है।

इस बार जीत आसान नहीं होगी जानी  
 नामांकन कक्ष में सोमवार को चुनावी दंगल में एक दूसरे के प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रत्याशी विनोद अग्रवाल और कांग्रेस के प्रत्याशी रिजवान कुरैशी जब रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में मिले तो दोनों में दिली लगाव दिखा। दोनों ने एक दूसरे को देखकर खुशी जताई। पिछले बार के चुनाव परिणाम को याद करके उसी अनुरूप मैच खेलने की बात भाजपा प्रत्याशी ने कही। लेकिन, कांग्रेस प्रत्याशी ने चुटकी लेते हुए कहा इस बार जीत आसान नहीं होगी जानी। 

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : ग्राम पंचायत मिलक अमावती को मिला नानाजी देशमुख सर्वोत्तम राष्ट्रीय ग्राम पंचायत पुरस्कार

संबंधित समाचार