खटीमा: श्रद्धालुओं से भरी बस गेहूं के खेत में पलटी, 27 घायल
खटीमा, अमृत विचार। खटीमा बाइपास पर सोमवार की देर रात मां पूर्णागिरि धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी निजी बस अनियंत्रित होकर गेहूं के खेत में पलट गई। हादसे में 24 श्रद्धालु घायल हो गए। जिनका नागरिक अस्पताल में प्राथमिक उपचार किया गया। मंगलवार दोपहर तक नागरिक अस्पताल में गहमा गहमी रही।
सितारगंज के वार्ड 5 से करीब 50 श्रद्धालु मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए सोमवार की रात करीब 10 बजे चले थे। इस बीच खटीमा बाइपास में कुटरा के पास एक मोड़ पर चालक ने बस पर संतुलन खो दिया और बस सड़क से उतरकर खेत में रपट गई। हादसा होते ही कोहराम मच गया।
चकरपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई प्रियांशु जोशी समेत पुलिस कर्मी व आस पास के लोग पहुंचे और घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। इनमें कुल 27 घायलों में सितारगंज के वार्ड 5 निवासी शोभा पांडेय (55 वर्ष), इंद्र लाल गर्ग (58 वर्ष), मुन्नी देवी (55 वर्ष), भैरव दत्त (62 वर्ष), विशाल (20 वर्ष), बसंत बल्लभ (65 वर्ष), किरन (21 वर्ष), रेखा गर्ग (55 वर्ष), अंजलि (25 वर्ष), चंपा (48 वर्ष), नीमा (45 वर्ष), संत देवी (40 वर्ष), खुशी (16 वर्ष), राहुल श्रीवास्तव (22 वर्ष), नेहा (16 वर्ष), कमला जोशी (60 वर्ष), शशि (18 वर्ष), दीपक (32 वर्ष), रानी (24 वर्ष), खुशी (13 वर्ष), शिल्पी (30 वर्ष), विमला चौहान (55 वर्ष), भारती सिंह (30 वर्ष), श्याम सिंह शाही (21 वर्ष), हिमांशु (32 वर्ष), संजय चौहान (36 वर्ष), हरेंद्र (23 वर्ष) को नागरिक अस्पताल ले जाया गया।
इनमें शोभा पांडे, बसंत बल्लभ पांडे, किरन जोशी, नीमा को अधिक चोट होने पर भर्ती कर लिया गया जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार किया गया। चकरपुर चौकी इंचार्ज एसआई जोशी ने बताया कि चालक को अचानक झपकी आने से हादसा होने की बात कही जा रही। इस मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।
