काशीपुर: खेत में घुसा दी ट्रैक्टर-ट्राली, कारण पूछने पर खेत स्वामी से मारपीट
काशीपुर, अमृत विचार। खेत से ट्रैक्टर ट्रॉली को ले जाने से मना करने पर दबंगों ने ग्रामीण की लाठी डंडों से पिटाई कर दी। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। ग्रामीण की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हरीनगर, ढकिया नं-1 निवासी सुभाष चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 अप्रैल की दोपहर एक ट्रैक्टर ट्राली उसके खेत में घुसी हुई थी। जिस पर उसने चालक से खेत में ट्रैक्टर ट्राली लाने का कारण पूछा। तो चालक ने बताया कि प्रेम सिंह ने ईंट मंगाई हैं, उनसे पूछो। जिसके कुछ देर बाद प्रेम सिंह, अर्जुन, अरुण, काजल, राजेश, माया व मोहित लाठी-डंडे लेकर मौके पर आ गए और गाली गलौज शुरू कर दी।
आरोप है कि जिसका विरोध करने पर उन्होंने पीड़ित व उसके परिवार को बुरी तरह लाठी डंडों से मारा। मारपीट में बेटी संजना का जबड़ा टूट गया और बेटे का सिर फट गया। ग्रामीण ने आरोपियों से जान-माल का खतरा बताते हुए कार्रवाई की मांग की। मामले में पुलिस ने विभिन्न धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
