Unnao Accident : ईद की खरीददारी करने जा रही महिला की डंपर की टक्कर से मौत, ग्रामीणों ने जमकर किया हंगामा
उन्नाव में महिला की मौत के बाद हंगामा।
उन्नाव के बेहटा मुजावर थानाक्षेत्र में ईद की खरीददारी करने जा महिला को डंपर ने रौंद दिया। जिससे महिला की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा किया। सीओ से समझा बुझाकर परिजनों को शांत कराया।
उन्नाव, अमृत विचार। बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के तकिया-गौरिया कला मार्ग पर कांटा गुलजारपुर गांव के पास मौरंग लदे डंपर ने बाइक सवार महिला को रौंद दिया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। हादसे में उसके साथ रही छह माह की बच्ची भी घायल हो गयी। आक्रोशित परिजनों ने सड़क जाम कर दिया और डीएम को बुलाने की जिद पर अड़ गए। मौके पर पहुंचे सीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। पुलिस ने डंपर बरामद कर लिया है जबकि चालक फरार है। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगा रहा। घायल बच्ची को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र के गांव कांटा गुलजारपुर निवासी वसीक अपनी पत्नी शबनम (32) व बेटी शिफा (6) के साथ मंगलवार सुबह बाइक से ईद की खरीददारी करने बांगरमऊ जा रहा था। गांव के बाहर तकिया-गौरिया कला मार्ग पर आते ही सामने से आ रहे मौरंग लदे डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे शबनम किरी और डंपर के पहिए तले आ गयी और उसकी मौके पर ही मौत हो गयी।
हादसे में बच्ची शिफा का दाहिना हाथ भी टूट गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने तकिया गौरिया मार्ग जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन वे मुआवजा और डीएम को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ गए। सीओ पंकज सिंह ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई का भरोसा देकर शांत कराया। दोपहर तकरीबन एक बजे मामला शांत होने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने हादसे को अंजाम देने वाले डंपर कब्जे में लिया है हलांकि चालक भाग निकलने में सफल रहा। मां की मौत से बेटों तनवीर, साहिल और अल्तमस बेहाल हैं। एसओ रमेशचंद्र साहनी ने बताया कि डंपर की टक्कर से महिला की मौत हुई है जबकि उसकी बेटी घायल हुई है। डंपर कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है।
