बरेली: हिंदी नंबर प्लेटों से हाईटेक कैमरों को चकमा दे रहे वाहन चालक
बरेली, अमृत विचार। स्मार्ट सिटी के तहत शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के चालान काटती है लेकिन कुछ शातिर वाहन चालक हिंदी में नंबर प्लेट लगाकर इन कैमरों को धोखा दे रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों का साफ्टवेयर प्लेट पर हिंदी में लिखे नंबर पढ़ ही नहीं पाते हैं। कई अपराधी भी वाहनों पर हिंदी में नंबर प्लेट लगाकर घूम रहे हैं।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से शहर के मुख्य बाजारों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस वाहनों के चालान करती है लेकिन हिंदी में लिखे नंबर परेशानी बन रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अब सभी वाहनों में एचएसआरपी लगवाना अनिवार्य हो गया है। ट्रैफिक पुलिस जल्द अभियान चलाकर इन वाहन चालकों का चालान करेगी।
एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने बताया कि वाहन स्वामी अपने वाहनों पर हिंदी में लिखे नंबर प्लेट को लगाते हैं। जिससे वह चालान से बच सकें, लेकिन अब ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट सभी वाहनों में लगवाने के निर्देश पहले ही दिए गए हैं। अभियान के दौरान अगर वाहन चालकों ने एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं मिली तो पांच हजार रुपये का चालान किया जाएगा।
ये भी पढे़ं- बरेली: पीछे नहीं हटेंगे, बुधवार को इस्लामिया मैदान में देंगे धरना- मौलाना तौकीर रजा खान
