रुद्रपुर: मुखबिर धारा कोली हत्याकांड में साक्ष्य छिपाने का आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सितंबर 2022 में हुए मुखबिर धारा कोली हत्याकांड में प्रयुक्त कार सहित साक्ष्य छिपाने के आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उसकी निशानदेही पर कार को बरामद कर ली है। 

बुधवार को मुखबिर हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि 3 सितंबर 2022 को रंपुरा निवासी धारा कोली का अपहरण कर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने शव को कार में डालकर यूपी के जहानाबाद के जंगलों में बने ट्रांजिट मैदान में फेंक दिया और शव केले के पत्तों से ढक कर छिपा दिया था।

युवक की गुमशुदगी व हत्या का संदेह होने पर पुलिस ने मामले की तफ्तीश की और सर्विलांस, सुरागरसी एवं पतारसी के आधार पर धारा कोली हत्याकांड के मुख्य आरोपी छत्रपाल निवासी बंगाली कॉलोनी आजाद नगर किच्छा और हत्याकांड के सहयोगी नईम अहमद निवासी खेड़ा बस्ती थाना रुद्रपुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मगर हत्या में प्रयुक्त क्रेटा कार को पुलिस बरामद नहीं कर पाई थी।

एसपी क्राइम ने बताया कि पुलिस को संदेह था कि हत्याकांड में हत्यारों के अलावा और भी लोग शामिल हैं। जिसके आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी छत्रपाल को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर उससे गहनता से पूछताछ की तो पता चला कि हत्या को अंजाम देने के बाद उसने कार ग्राम सिंगोती थाना बहेड़ी बरेली निवासी अपने मामा मुक्ता प्रसाद के घर पर छिपा दी थी।

मुक्ता को पता था कि उसका भांजा हत्या करके आया है। बावजूद उसने पुलिस से हत्याकांड की बात को छिपाया और हत्याकांड में साक्ष्य छिपाने का आरोपी माना। जिस पर पुलिस ने मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर आरोपी मुक्ता सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्याकांड में प्रयुक्त कार को भी बरामद कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया। जहां से जेल भेज दिया है। 

मुख्य आरोपी छत्रपाल सुनाता रहा मनगढ़ंत कहानी
रुद्रपुर। सितंबर 2022 को हत्याकांड के कुछ दिनों बाद ही गिरफ्तार हो चुका मुख्य आरोपी छत्रपाल पुलिस को गुमराह करता रहा, जबकि पुलिस का दावा था कि हत्याकांड के बाद कार का प्रयोग किया गया था। मगर आरोपी पुलिस को अपनी मनगढ़ंत कहानी सुनाता रहा। हत्याकांड के लगभग सात माह तक जब पुलिस ने हर कोशिश कर ली तो पुलिस ने छत्रपाल को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आखिरकार उसने कार को अपने मामा के यहां छिपाने की बात कबूल कर ली और पुलिस को कार बरामद करने में मदद मिली।

धारा पर था पुलिस को सूचना देने का शक
रुद्रपुर। रंपुरा का रहने वाला युवक धारा कोली अक्सर पुलिस के बेहद करीब रहता था, जबकि मुख्य आरोपी छत्रपाल नशेड़ी होने के साथ-साथ नशे का कारोबार भी करता था। एक बार वह मादक पदार्थों की तस्करी करने के आरोप में जेल गया था। छत्रपाल को शक था कि धारा कोली की मुखबिरी ने उसे जेल भेजा है। यही शक धारा हत्याकांड की वजह बन गया। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी छत्रपाल जेल से छूटने के बाद बाहर आया और धारा कोली को पुलिस का मुखबिर करार देते हुए उसके हत्याकांड की पटकथा लिख दी और दोस्त नईम के साथ उसकी हत्या कर दी।

संबंधित समाचार