काशीपुर: रेलवे ने अपनी भूमि से 14 दुकानदारों को भूमि खाली करने का दिया नोटिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। रेलवे स्टेशन के गेट से दुकानों हटाने के नोटिस के बाद दुकानदारों के आगे रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है। जिसके चलते दुकानदार राजनेताओं व अधिकारियों से दुकानों न उजाड़ने की मांग कर रहे हैं। बुधवार को दुकानदारों ने पूर्व विधायक से मुलाकात कर दुकानें न उजाड़े जाने की मांग की। जिस पर पूर्व विधायक ने रेलवे के अधिकारियों से वार्ता कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया।

बता दें कि कई वर्ष पूर्व रेलवे ने कुछ लोगों को रोजगार के लिए अपनी भूमि पर रोजगार की अनुमति दी थी। जिसकी लीज खत्म होने पर उन्होंने दो बार अनुबंध भी किया। लेकिन, 12 अप्रैल को रेलवे ने सौंदर्यीकरण का हवाला देते हुए रेलवे गेट पर स्थापित 14 दुकानदारों को भूमि खाली करने का नोटिस दे दिया है। जिसके बाद दुकानदारों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

बुधवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रभात साहनी के नेतृत्व में रेलवे द्वारा नोटिस दिए गए दुकानदार पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा से मिले और अपनी समस्या उनके सामने रखी। दुकानदारों ने बताया कि वह रेलवे गेट पर पिछले 40 वर्षों से वहां दुकानों में व्यापार कर अपने परिवार को पालन-पोषण कर रहे हैं। अब अचानक रेलवे विभाग द्वारा उन दुकानदारों को दुकान खाली करने का नोटिस दे दिया है।

12 मार्च 2023 को मंडल रेल प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान उन दुकानदारों को पास में ही विस्थापित करने को कहा था। उन्होंने मांग की कि उन दुकानदारों को न उजाड़ा जाए। उन्हें वहां से हटाने पर उनके सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा हो जाएगा। अगर वहां से हटाने ही है तो आसपास ही रेलवे अपनी जमीन पर विस्थापित करा दे, जिससे उनका व उनके परिवार का भरण पोषण चलता रहे।

जिस पर पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा ने रेलवे के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान निकालने का आश्वासन दिया। इस दौरान अंकुर, अमित कुमार, रमेश अरोरा, कमल अरोरा, बल्देव राज अरोरा, सईद अहमद, मुलखराज, वसीम अहमद, राकेश अरोरा, सरफराज आदि थे।

संबंधित समाचार