बिजनौर : आरोपियों ने घर में घुसकर किसान को मारी गोली, हालत गंभीर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भैंसा गांव में दो पक्षों में खेत की मेड़ को लेकर दो साल से चल रहा विवाद, पीड़ित परिजनों ने आरोपी चार भाइयों के खिलाफ दी तहरीर

नूरपुर/बिजनौर, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव भैंसा में रंजिश के चलते मंगलवार देर रात घर में घुसकर चार भाइयों ने तमंचे से किसान को गोली मार दी।  गंभीर घायल किसान को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित परिजनों ने आरोपी चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। 
 
शिवाला कलां थाना क्षेत्र के गांव भैंसा निवासी राजू उर्फ राजवीर और वीर सिंह के बीच खेत की मेड़ को लेकर दो साल से विवाद चल रहा है। आरोप है कि मंगलवार  देर रात राजू व अरविंद, सूरज और सोमवीर पुत्र ब्रहमपाल सिंह एक राय होकर वीर सिंह के घर में घुस आए। यहां आरोपी गाली गलौज करने लगे। वीर सिंह ने इसका विरोध किया तो राजू उर्फ राजवीर ने वीर सिंह को तमंचे से गोली मार दी। 

गोली वीर सिंह के बाएं हाथ में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर घायल के परिजन और गांव के लोग मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची।

घायल वीर सिंह को उपचार के लिए नूरपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल के भाई गोपाल ने हमलावरों के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर: केमिकल फैक्ट्री में बॉयलर फटने से दो मजदूर झुलसे

संबंधित समाचार