एलडीए : बिना मनाचित्र 20 प्लाटिंग, सरकारी भूमि पर मिला कब्जा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी एसडीएम मोहनलालगंज हनुमान प्रसाद मौर्या के साथ सड़क पर उतरे। सुलतानपुर रोड व न्यू जेल रोड का निरीक्षण कर बिना मानचित्र के विकसित की जा रही 20 कॉलोनी चिह्नित की। ध्वस्तीकरण के साथ प्रॉपर्टी डीलरों पर एफआईआर कराने के आदेश दिए।

बुधवार दोपहर अफसरों की टीम सुशांत गोल्फ सिटी पहुंची। जिसके पीछे वीके उपाध्याय द्वारा कान्हा उपवन नाम से बिना मानचित्र के बसायी जा रही कालोनी का निरीक्षण किया गया। इसके बाद न्यू जेल रोड पर एडीवी इन्फ्राटेक एंड हाउंसिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की जा रही प्लाटिंग का सर्वे किया गया। जो बिना मानचित्र के पाई। इसी क्रम में न्यू जेल रोड पर गंगोत्री सिटी का निरीक्षण किया गया, जहां जानकारी करने पर पता चला कि यह कालोनी आदेश सक्सेना व आशीष श्रीवास्तव द्वारा विकसित की जा रही है।

सभी के साइट आफिस में जाकर प्रापर्टी डीलर व उनके एजेंटों से तलपट मानचित्र के सम्बंध में पूछताछ की। साथ ही बेचे गये भूखंडों का ब्योरा तलब किया। गलत तरह से प्लाटिंग व रो-हाउस भवनों के निर्माण पर प्रवर्तन अधिकारियों को फटकार लगाई और जांच के आदेश दिये हैं। जिस पर नाराजगी जताते हुए सोमवार से संबंधित जोनल अधिकरी को विशेष अभियान चलाकर ध्वस्तीकरण करने के साथ प्रापर्टी डीलरों पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। 

इधर, न्यू जेल रोड पर राइजिंग कंस्ट्रक्शन ग्रुप के विशाल शुक्ला व उनके पिता महेन्द्र शुक्ला द्वारा कई बीघा जमीन पर की जा रही प्लाटिंग चिन्हित की। इस रूट पर कई बीघा जमीन पर आर्शीवाद लॉन बना पाया। जिसका मानचित्र स्वीकृत नहीं था। तालाब व चकरोड, सरकारी भूमि पर इन प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा कब्जा पाया। इस पर मोहनलालगंज एसडीएम को एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 20 प्लाटिंग चिन्हित की गयीं।

साइट ऑफिस जब्त की प्रचार सामग्री

सुलतानपुर रोड पर मनीष सिंह द्वारा तक्ष्या सिटी नाम से की जा रही प्लाटिंग, पंकज यादव द्वारा की जा रही प्लाटिंग, आदित्यपुरम व भूमि विकास हाउसिंग लिमिटेड कंपनी द्वारा की जा रही प्लाटिंग नियम विरुद्ध पाई। इस पर उपाध्यक्ष ने कालोनियों के साइट ऑफिस में जाकर ब्रोशर/पैम्फलैट आदि सामाग्री जब्त कर ली। जिसमें आम जनता को फंसाने के लिए लुभावने ऑफर दर्शाए गए थे। जिनमें 600 रुपये वर्गफुट से लेकर 2499 रुपये वर्गफुट तक भूखंड बेचे जा रहे थे। 

चिनहट में बड़ी संख्या में रो-हाउस सील 

जोन-5 चिनहट क्षेत्र में जोनल अधिकारी श्रद्धा चौधरी के नेतृत्व में अभियान चला। उन्होंने बताया कि ग्राम अनौराकला खुर्द में रजत गुप्ता, पार्थ सिंह, अंकुर, अंशु उपाध्याय व अन्य द्वारा 24 रो-हाउस भवन का निर्माण बिना मानचित्र के करते पाया। इसके अतिरिक्त नागेन्द्र यादव व अन्य द्वारा अनौराकला में पपनामऊ रोड पर मेदांत सत्संग आश्रम के पास 34 रो-हाउस गलत तरह से बने पाए। जो टीम ने सील कर दिए।

सरगम अपार्टमेंट में फायर मॉक ड्रिल  

बुधवार को जानकीपुरम योजना स्थित सरगम अपार्टमेंट में फायर मॉक ड्रिल कराया गया। इस दौरान अग्निमशन विभाग के अधिकारियों ने अग्निशमन संयत्रों की जांच की व आपातकालीन स्थिति में आग बुझाने व रेस्क्यू के बारे में वहां रहने वाले लोगों को जानकारी प्रदान की गयी। मॉकड्रिल में अपार्टमेंट में लगे सभी अग्निशमन यंत्र संचालित अवस्था में पाए गए और लोगों को चलाना सिखाया गया।

यह भी पढ़ें : लखनऊ : बिजली कटौती ही नहीं लो वोल्टेज भी है समस्या

संबंधित समाचार