अयोध्या: ईद के पहले जुमे की नमाज पर पुलिस-प्रशासन की सतर्क निगाह
शहर से गाँव तक पुलिस बल ने किया मार्च, अवाम को दिलाया भरोसा
अयोध्या, अमृत विचार। पर्व-त्यौहार और नगर निकाय चुनाव को सकुशल और शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न कराने के लिए कवायद में जुटी पुलिस ने निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी है। अलर्ट के बीच ईद के पहले जुमे की नमाज पर पुलिस-प्रशासन की नजर है। जिसको लेकर पुलिस-प्रशासन ने मजिस्ट्रेट की निगरानी में फोर्स की ड्यूटी लगाई है तथा खुफिया और सादी वर्दी में भी पुलिस को सक्रिय किया है। चर्चित चेहरों की टोह ली जा रही है और गणमान्य लोगों से निरंतर संवाद और संपर्क की प्रक्रिया शुरू की गई है।
जुमे की नमाज के एक दिन पूर्व आमजन को कानून और सुरक्षा का अहसास दिलाने तथा असमाजिक तत्वों को कठोर क़ानूनी कार्रवाई का भरोसा देने के लिए जनपद पुलिस की और से गुरुवार को शहर से गांव तक सभी थाना क्षेत्रों में अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस बल का मार्च कराया गया। अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस फ़ोर्स के जवानों ने मिश्रित आबादी तथा सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों की गलियों और सड़कों में पैदल मार्च किया। शहर क्षेत्र में एसपी सिटी मधुबन सिंह के नेत्तृव में सीओ सिटी और नगर कोतवाल के साथ भारी तादात में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। वहीँ देहात क्षेत्र में कहीं संबंधित क्षेत्र के क्षेत्राधिकारी और कहीं थाना व कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने मार्च किया। जुमे की नमाज और ईद पर सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर जनपद पुलिस की ओर से चिन्हित स्थानों पर पुलिस पिकेट तैनाती की गई है और असमाजिक तत्वों तथा गतिविधियों की टोह और निगरानी के लिए ख़ुफ़िया कर्मियों के साथ सादी वर्दी में पुरुष और महिला आरक्षियों को लगाया है।
सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पर्व-त्यौहार और नगर निकाय चुनाव को संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसको लेकर सभी एहतियाती इंतजाम किये जा रहे हैं। जिला प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेट ड्यूटी भी लगाई जा रही है। पुलिस अधिकारी संबंधित मजिस्ट्रेट से समन्वय बनाकर शान्ति और सुरक्षा की ड्यूटी निभाएंगे। उन्होंने बताया कि पुलिस-प्रशासन ने पहले ही शांति समितियों की बैठक कर ली है और धर्मगुरुओं व समाज के गणमान्य लोगों के साथ बैठककर सुरक्षा और व्यवस्था पर चर्चा हुई है। लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के लिए पैदल मार्च किया गया है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ की किसी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और कठोर क़ानूनी कार्रवाई होगी।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज: अतीक के साथी असाद से SIT कर रही पूछताछ, सामने आ सकते हैं कई राज
