बरेली: MJPRU ने परीक्षाएं समय पर कराने को पाली की बाध्यता हटाई
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने स्नातक की विषम सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षाएं समय पर कराने के लिए पाली की बाध्यता हटा दी है। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को 25 अप्रैल तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं संपन्न कराकर अंक अपलोड करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और अंक स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की बीए, बीएससी, बीकॉम और बीबीए प्रथम और तृतीय सेमेस्टर की लिखित परीक्षाएं 25 मार्च से चल रही हैं। अब शुक्रवार और सोमवार को ही कुछ प्रश्नपत्रों की परीक्षाएं शेष रह गई हैं। विश्वविद्यालय ने परीक्षाओं के परिणाम समय पर जारी करने के लिए महाविद्यालयों को मिड टर्म और प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी समय पर कराने के निर्देश दिए थे लेकिन परीक्षाएं समय पर नहीं हुईं तो विश्वविद्यालय ने तिथि विस्तारित कीं।
विश्वविद्यालय ने अब प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराने की तिथि 25 अप्रैल निर्धारित की है लेकिन कुछ महाविद्यालयों में परीक्षाएं शेष रह गई हैं। परीक्षा नियंत्रक ने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए हैं कि पहले विश्वविद्यालय ने प्रयोगात्मक परीक्षाओं के लिए दिनांक और पाली अंकित करना अनिवार्य किया था लेकिन अब इस बाध्यता को समाप्त कर दिया गया है। महाविद्यालय बाह्य परीक्षकों की उपलब्धता के अनुसार 25 अप्रैल तक प्रयोगात्मक परीक्षाएं पूरी करा लें।
ये भी पढे़ं- बरेली: मतदान स्थल से रिवाल्वर बरामदगी मामले में प्रवीण सिंह ऐरन बरी
