Fatehpur News : खनन को लेकर दो संचालकों के बीच तने असलहे, खूनी संघर्ष का खेल शुरू होने से पहले ऐसे पुलिस ने बचाया
फतेहपुर में खनन संचालकों के बीच तने असलहे।
फतेहपुर के कल्याणपुर थानाक्षेत्र में दो खनन संचालकों के बीच शुक्रवार को असलहे तन गए और जमकर मारपीट हुई। विवाद उस समय बढ़ गया जब दोनों संचालकों ने एक दूसरे का रास्ता जेसीबी मशीन से खुदवा कर गाड़ियों को रोक दिया गया।
फतेहपुर, अमृत विचार। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में मवइया गुनीर में दो खनन संचालकों के बीच शुक्रवार को असलहे तन गए और जमकर मारपीट हुई। विवाद उस समय बढ़ गया जब दोनों संचालकों ने एक दूसरे का रास्ता जेसीबी मशीन से खुदवा कर गाड़ियों को रोक दिया गया। खूनी संघर्ष का खेल शुरू होने से पहले पुलिस बल पहुंचा और मामले को शांत कराया।
थाना क्षेत्र के मवइया गुनीर में बालू के कई खंड संचालित थे। 29 मार्च को एसडीएम बिंदकी की संयुक्त टीम ने छापेमारी करके अवैध खनन और गाडियों को भी पकड़ा था। जिसके बाद से खनन बंद कर दिया गया था।
खनन विभाग की जांच में भी अवैध खनन पाया गयी जिससे खंड संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया था। कारोबारियों ने नोटिस का जवाब नहीं देकर कई दिनों से खनन शुरू कर दी है। बताया जाता है कि इन्हीं खंड के पास एक खनन शुरू किया गया था। अवैध खनन में पकड़े गये कारोबारी ने जेसीबी मशीन से रास्ता खुदवा कर गाड़ियां रोक दी गई और दूसरे खंड के लोगों के साथ मारपीट भी की गई।
विवाद बढ़ने से असलहे तन गये और दूसरी ओर से भी रास्ता खोद दिया गया। खूनी खेल शुरू होने से पहले इलाकाई पुलिस पहुंची और मामले को शांत करा दिया। मारपीट आदि की पुलिस को तहरीर दी गई। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। थानाध्यक्ष नीरज यादव ने बताया झगड़े की सूचना मिली है लेकिन तहरीर नहीं दी गई।
