Eid Alvida Jumma 2023 : Banda में अलविदा नमाज में मांगी देश के अमन-चैन की दुआ, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बांदा में अलविदा जुमा की नमाज में मांगी देश के अमन-चैन की दुआ।
बांदा में अलविदा जुमा की नमाज में मांगी देश के अमन-चैन की दुआ। वहीं, मस्जिदों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे।
बांदा , अमृत विचार। अलविदा की नमाज के साथ ही रमजान माह विदा होने वाला है, जिसकी आहट शुक्रवार को सुनाई दी। जुमा की अलविदा पर शहर की सभी मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में रोजदार पहुंचे। अकीदतमंदों ने मस्जिदों में नमाज अदा की। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। रोजदारों ने देश की खुशहाली और अमन-चैन की दुआ मांगी।
माहे रमजान का पाक महीना अब अपने आखिरी पड़ाव पर है। शुक्रवार को शहर की विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। इसके लिए सुबह से तैयारियां शुरू हो गई। मस्जिदों की विशेष साफ सफाई की गई। चूने आदि का छिड़काव किया गया। ऐसा माना जाता है कि रमजान के आखिरी जुमे की नमाज को अदा करने से दुआएं कबूल होती है। खुदा रोजदारों पर रहमतों की बारिश करता है।
इससे सभी में प्यार व भाईचारा बढ़ता है। इसीलिए जुमे की नमाज में हर कोई शामिल होना चाहता है। शहर की जामा मस्जिद, खुटला मस्जिद, सरवर साहब मस्जिद, बोड़े मस्जिद, नूरानी मस्जिद, ऊंट मोहाल मस्जिद, छावनी मस्जिद, मदीना मस्जिद, पीरे की मस्जिद समेत शहर की अन्य मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। जुमा अलविदा पर नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में रोजेदार पहुंचे।
शासन के आदेश पर अकीदतमंदों ने सड़कों की बजाए मस्जिदों में नमाज अदा की। रोजदारों ने देश की खुशहाली और अमन-चैन की दुआ मांगी। इसके साथ ही रमजान में जो भी मुस्लिमों से खता हुई है, उसकी माफी के लिए दुआ की गई है। अलविदा की नमाज को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात रहा।
चप्पे-चप्पे पर तैनात रही पुलिस-पीएसी
रमजान माह के आखिरी शुक्रवार को पुलिस अलर्ट मोड पर रही। जनपद की सभी मस्जिदों के बाहर पुलिस व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम रहे। कोतवाली, थाना, चौकी पुलिस के अलावा पीएसी के जवानों के साथ अतिरिक्त पुलिस बल को भी मस्जिदों के बाहर तैनात किया गया। कड़ी सुरक्षा के बीच अलविदा जुमे की नमाज अदा की गई। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने पैदल मार्च भी किया। पुलिस अधीक्षक अभिनंदन ने अलविदा की नमाज सकुशल संपन्न होने पर सभी को ईद की शुभकामनाएं दीं। साथ ही ईद को शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना से मनाने की अपील की। अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र, क्षेत्राधिकारी गवेंद्र पाल, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार समेत कई अधिकारी अलविदा की नमाज सकुशल संपन्न कराने को नजर बनाये रहे।
