संभल: महंगे शौक पूरे करने को छात्रों ने की एजेंट से लूटपाट, नगदी व अन्य सामान बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पढ़ने-लिखने की उम्र में बन गये लुटेरे, 14 अप्रैल को दो पल्सर बाइक सवार चार बदमाशों ने प्राइवेट कंपनी के एजेंट से की थी लूट

संभल, अमृत विचार। बहजोई थाना क्षेत्र में 14 अप्रैल को पुलिस ने प्राइवेट कंपनी के एजेंट से हुई लूट का  खुलासा करते हुए घटना में शामिल दो छात्रों समेत चार बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 हजार रुपये, लूट में प्रयुक्त दो बाइक व हथियार बरामद किए हैं। सीओ ने बताया कि शौक पूरा करने के लिए इन्होंने गिरोह बनाया और लूटपाट करने लगे। 

क्षेत्राधिकारी  डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि 14 अप्रैल को प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के एजेंट जयपाल निवासी गांव बगरेन थाना वजीरगंज जनपद बदायूं के साथ दो पल्सर बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने गांव पाठकपुर के निकट लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बदमाशों ने जयपाल के पास मौजूद 40 हजार रुपये लूट लिए थे। कोतवाल पंकज लवानिया के नेतृत्व में पुलिस व एसओजी टीम ने गांव मोहकमपुर तिराहे से संदिग्ध हालत में खड़े चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम श्याम शर्मा निवासी गांव सादातवाड़ी, अनिकेत, अमन राघव निवासी बेहटा जयसिंह, अमन शर्मा निवासी गांव बेरी खेड़ा थाना बहजोई बताया। इनके पास से एजेंट जयपाल से लूटी गई 24 हजार की नगदी, घटना में प्रयुक्त दोनों पल्सर बाइक, लूटा गया टैबलेट व तमंचा बरामद किया है।

दूसरी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे
बहजोई। पकड़े गए चार बदमाशों में दो छात्र हैं। महंगे शौक पूरे करने के लिए इन्होंने अपराध की राह पकड़ ली और लूटपाट करने लगे। एकबारगी तो पुलिस को भी यकीन नहीं हुआ कि  छात्र लूट जैसे संगीन अपराध को अंजाम देते होंगे। मगर जब पूछताछ की गई तो आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सीओ प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि चारों बदमाश एजेंट को लूटने के बाद दूसरी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। मुखबिर ने सूचना दी थी चार संदिग्ध युवक मोहकमपुर चौराहे पर खड़े हैं। पुलिस ने घटना को अंजाम देने से पहले ही इन बदमाशों को दबोच लिया।  सीओ ने बताया कि एजेंट से लूट के बाद सभी ने आपस में रकम का बंटवारा कर लिया था। लूटा गया बैग राजघाट गंगा में फेंक दिया था।

बीए का छात्र है अमन राघव 

बहजोई। सीओ ने बताया कि अमन राघव बीए का छात्र है। अनिकेत भी कॉलेज में पढ़ाई करता है। श्याम शर्मा और अमन शर्मा इनके साथी हैं । एक छात्र की 24 अप्रैल को परीक्षा है। छात्र होने के कारण इन पर कोई भी शक नहीं करता था। पुलिस को इनके खिलाफ सर्विलांस के जरिए ठोस सबूत मिले। इसके बाद इन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के परिजनों को भी विश्वास नहीं हो रहा है कि उनकी संतान लूट जैसा जघन्य अपराध भी कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें:- प्रधानमंत्री के हाथों सम्मानित हुए रामपुर के जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़

संबंधित समाचार