लखनऊ : बादलों ने राजधानी को घेरा, 5.6 डिग्री गिरा पारा
लखनऊ, अमृत विचार । पिछले कई दिनों से चटक धूप, लू और लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण भीषण गर्मी का दंश झेल रहे राजधानीवासियों के लिए शुक्रवार का दिन काफी राहत भरा रहा। तेज धूप की जगह शुक्रवार को राजधानी में दिन के अधिकांश समय बादल छाए रहे, लू नदारद रही। वहीं लू की जगह शुक्रवार को ठंडी हवाओं ने मौसम के मिजाज को पूरी तरह बदल दिया। आलम ये रहा कि शहर के तापमान में एकमुश्त 5.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई। जिससे राजधानीवासियों ने चैन की सांस ली।
शुक्रवार को सुबह की शुरुआत से ही मौसम बदला रहा और ठंडी हवाएं चलती रहीं। वहीं दोपहर में आंशिक बादल रहे और धूप भी अपेक्षाकृत हल्की रही। शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री की अप्रत्याशित गिरावट के साथ 34.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री की आंशिक गिरावट के साथ 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज से न्यूनतम तापमान में भी होगी गिरावट
मौसम विभाग की पूर्वानुमान रिपोर्ट की मानें तो शनिवार से शहर के न्यूनतम तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज होगी। 24 अप्रैल तक न्यूनतम तापमान 03 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़त होगी।
लगातार रहेगी बादलों की आवाजाही, 25 को बारिश के आसार
आंचलिक विज्ञान केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक मो. दानिश ने बताया कि आगामी एक सप्ताह तक लखनऊ व आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी। इस दौरान कुछ जगहों पर आंशिक बूंदाबांदी भी हो सकती है। वहीं 25 अप्रैल को हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने के प्रबल आसार हैं।
आगामी 6 दिनों में मौसम की संभावित स्थिति :
दिनांक – अधिकतम तापमान – न्यूनतम तापमान – संभावित मौसम
22 अप्रैल – 36.0 – 22.0 – आंशिक बादल
23 अप्रैल - 37.0 – 22.0 – दोपहर में साफ मौसम व शाम में आंशिक बादल
24 अप्रैल - 38.0 – 22.0 - दोपहर में साफ मौसम व शाम में आंशिक बादल
25 अप्रैल - 39.0 – 23.0 – दिन भर आंशिक बादल व एक-दो बार बारिश या बौछार
26 अप्रैल - 40.0 – 23.0 – आंशिक बादल
27 अप्रैल - 40.0 – 23.0 – साफ मौसम
यह भी पढ़ें उन्नाव एसपी तक पहुंचा दो मैसेज, जुलाई में विधायक को मार दूंगा गोली
