Bareilly: सपा में बेचैनी, चुनाव में मुश्किलें खड़ी करेगी बगावत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

करीब दर्जन भर पूर्व पार्षद और कार्यकर्ता पार्टी छोड़कर थाम चुके हैं कांग्रेस और आईएमसी का हाथ

बरेली, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के नेता काफी कोशिशों के बावजूद आखिरकार पार्टी में बगावत के सुर बुलंद होने से नहीं रोक पाए। करीब दर्जन भर निवर्तमान पार्षदों और कार्यकर्ताओं के दूसरे दलों में चले जाने और नामांकन कराने के बाद पार्टी में बेचैनी का माहौल जरूर है। सपा के नेता भी मान रहे हैं कि इससे निकाय चुनाव में पार्टी के लिए मुश्किल खड़ी होगी।

अब तक पूर्व पार्षद रेहान अली, पूर्व पार्षद हसनैन अंसारी, निवर्तमान पार्षद यामीन खां समेत कई लोगों ने सपा छोड़कर कांग्रेस और आईएमसी की सदस्यता ग्रहण की है। रेहान अली वार्ड 80 से चुनाव लड़ने के लिए ताल भी ठोक चुके हैं। चार बार से इस वार्ड की पार्षदी रेहान के परिवार में रही है। इस बार सपा ने मो. वसीम को टिकट दे दिया है। अब पार्टी यहां कड़ी टक्कर मिलने की उम्मीद कर रही है। वार्ड 43 से पार्षद रहे मो. यामीन का भी पार्टी ने टिकट काट दिया। वह अब इसी वार्ड से कांग्रेस का टिकट लेकर चुनाव मैदान में उतर गए हैं।

वार्ड 6 से डॉ. बीडी मौर्य ने निर्दलीय ताल ठोकी हैं। यहां भी पार्टी ने नए चेहरे को उतारा है। दूसरी पार्टियों में गए कार्यकर्ता भी एलान कर चुके हैं कि वे अब सपा के विरोध में प्रचार करेंगे। उनका आरोप है कि नेताओं ने टिकट वितरण में जमकर मनमानी करने के साथ कार्यकर्ताओं को हतोत्साहित किया है। वरिष्ठ नेता भी टिकट वितरण व्यवस्था से संतुष्ट नहीं है। दबे सुर में वे भी टिकट वितरण में पारदर्शिता न अपनाने की बात कह रहे हैं।

हालांकि महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी का कहना है है कि टिकट वितरण में कोई गड़बड़ नहीं की गई है। जिताऊ उम्मीदवारों को ही टिकट दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार ज्यादा पार्षद जीतेंगे, हिंदू पार्षदों की भी संख्या ज्यादा होगी। ईद की शाम वार्डों के प्रत्याशियों के नाम सार्वजनिक करने की घोषणा करने वाले महानगर अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के निर्देश पर ही वह काम कर रहे हैं। अब निर्देश हुआ है कि रविवार को घोषणा की जाए तो रविवार को घोषणा की जाएगी।

यह भी पढ़ें- Bareilly: मेयर समेत 26 नगर पंचायत अध्यक्ष के नामांकन दाखिल, बिके 475 पर्चे

संबंधित समाचार