बहराइच में किसान की हत्या कर शव स्कूल के पास फेंका
बहराइच, अमृत विचार। हुजूरपुर के मोकला गांव निवासी एक किसान का शव प्राथमिक विद्यालय के निकट बरामद हुआ है। परिवार के लोगों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक किसान के शरीर पर चोट के निशान भी कई जगह बने हुए हैं।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुतौली के मजरा मोकला गांव निवासी मंजनू (40) पुत्र खेलावन किसान था। शनिवार को उसने खेत में गेहूं की मड़ाई करवाई। किसान ने मड़ाई के बाद 10 बी बीघा की गेहूं बिक्री कर दी। घर पर जरूरी काम कहकर मंजनू घर से चला गया। इसके बाद देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। रविवार सुबह उसका शव प्राथमिक विद्यालय के निकट पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर परिवार के लोग रोते बिलखते मौके पर पहुंच गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। परिवार और गांव के लोगों ने मृतक किसान के शरीर पर चोट के निशान देखे। जिस पर सभी ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जायेगा। उन्होंने बताया कि परिवार के लोगों की तहरीर पर भी जांच की जा रही है। उधर शाम पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर कुंवर ज्ञानंजय सिंह के साथ निरीक्षण किया। एसपी ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई राम दीन पुत्र बैजनाथ की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। जल्द ही आगे की कार्रवाई होगी। इस दौरान सीओ कमलेश कुमार सिंह, थानाध्यक्ष हरेंद्र कुमार मिश्रा समेत अन्य मौजूद रहे।
बेच दिया था गेहूं
मृतक किसान के भाई ने बताया कि शनिवार को ही भाई ने खेत में गेहूं का दवाई करवाई। इसके बाद 10 बीघा खेत में निकले गेहूं को बेच दिया था। जिसका नकदी भाई के पास था। वह भी गायब था। जबकि केसीसी का लाखों रूपये भी गायब है। ऐसे में रूपये के लिए गला दबाकर हत्या की आशंका है।
ये भी पढ़ें -चुनाव प्रक्रिया में हस्तक्षेप का अधिकार नहीं : हाईकोर्ट
