लखनऊ : जाम ने बिगाड़ी सिटी बसों की समय सारणी
दैनिक यात्री एसोसिएशन के महामंत्री ने सिटी बस एमडी को सौंपा पत्र
अमृत विचार, लखनऊ। सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज निगम के तहत लखनऊ में चलने वाली नगर बसों की चाल को जाम ने बिगाड़ दिया है। मुख्य मार्गों पर चलने वाली बसें जाम में फंसकर घंटों बीच रास्ते फंसी रहती है। लिहाजा सिटी बसें तय समय सारणी से कोसों दूर हैं। इसका खामियाजा इन बसों से आवागमन करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है । यहीं नहीं 'चलो एप' पर भी बसों की सही समय सारिणी की जानकारी यात्रियों को नहीं मिल रही है।
बस स्टॉपेज पर बसों के इंतजार में छात्र-छात्राएं, महिलाएं और बुजुर्ग यात्री परेशान हो रहे हैं। इनकी परेशानी देखते हुए दैनिक यात्री एसोसिएशन के महामंत्री अवधेश कुमार ने एक पत्र लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट के एमडी को सौंपा है। जिसमें सिटी बसों की समय सारणी संशोधित करते हुए बस स्टापेज पर नई समय सारणी चस्पा करने की मांग की है।
रेड लाइट से भी समय सारिणी बेपटरी
शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि शहर के रेड ट्रैफिक लाइट से भी सिटी बसें लेट हो रही है। शहर के 22 रूटों पर चल रही 210 बसों में कोई भी बसें तय समय सारणी पर नहीं चल रही है, जबकि सभी बसों की समय सारणी तय है। जिससे स्कूल, कोचिंग जाने वाले छात्र-छात्राएं और कार्यालय जाने वाली कामकाजी महिलाओं को अधिक परेशानी हो रही है।
ये भी पढ़ें - लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर संघ ने निकाय चुनाव में भाजपा को दिया समर्थन
