भाजपा ने अपने प्रत्याशियों के नाम का किया ऐलान, बदायूं में दीपमाला पर फिर खेला दांव
बदायूं, अमृत विचार। केंद्र और प्रदेश की सत्तारूढ़ भाजपा ने रविवार की शाम नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया। पार्टी ने जिले की सात नगर पालिका परिषद में चार स्थानों पर महिला उम्मीदवारों को अपना प्रत्याशी बनाया है।
बदायूं शहर में फिर से पार्टी ने निवर्तमान चेयरमैन दीपमाला गोयल पर दांव लगाया है तो पार्टी ने कुछ समय पहले साइकिल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए निवर्तमान चेयरमैन पूनम अग्रवाल को उझानी में अपना प्रत्याशी बनाया है।
वहीं, भाजपा ने कार्यकर्ताओं को खास तवज्जो देते हुए युवा मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष व दिग्गज नेता हरिओम पाराशरी को नगर पालिका परिषद बिसौली और अनुज माहेश्वरी को सहसवान से चुनाव मैदान में उतारा है। बिल्सी में पार्टी ने पूर्व चेयरमैन ओमप्रकाश सागर की पत्नी ज्ञानवती सागर और दातागंज में नैना गुप्ता को अपना प्रत्याशी बनाया है।
मुस्लिम बाहुल्य नगर पालिका परिषद ककराला में पार्टी ने मरगूब अहमद खान को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा के सभी उम्मीदवार सोमवार को अपना नामांकन कराएंगे। भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद जिले में निकाय चुनाव का माहौल गरम हो गया है।
भाजपा में टिकट के दावेदारों की लंबी लाइन थी। पिछले दिनों भाजपा ने अपनी नीति को स्पष्ट करते हुए कहा था कि किसी भी विधायक, मंत्री, सांसद के परिवार के व्यक्ति को उम्मीदवार नहीं बनाया जाएगा। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पद के दावेदार कई दिनों से लखनऊ और दिल्ली में डेरा जमाई हुए थे। क्योंकि बदायूं में द्वितीय चरण के तहत 11 मई को मतदान होना है इसलिए पार्टी ने एन वक्त पर प्रत्याशियों के नामों का ऐलान करने का फैसला किया था।
पार्टी ने हर दावेदार को उसकी छवि, जातिगत आंकड़ों को ध्यान में रखकर प्रत्याशियों का चयन किया है। सूत्र बताते हैं कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों की सलाह के बाद प्रत्याशियों का चयन किया गया है। रविवार देर शाम भाजपा ने जिले की नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया। सूची जारी होने के बाद कुछ दावेदारों को निराशा हाथ लगी तो अपने प्रयास में सफल रहे दावेदारों के घर पर खुशी का माहौल हो गया। उनके समर्थकों ने आतिशबाजी छोड़ी और मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
भाजपा द्वारा जारी सूची के अनुसार बदायूं सीट पर पार्टी ने निवर्तमान चेयरमैन दीपमाला गोयल को फिर से प्रत्याशी बनाया है। यहां एक दर्जन से ज्यादा टिकट के दावेदार थे, लेकिन दीपमाला गोयल की दावेदारी काफी मजबूत मानी गई। दीपमाला गोयल की पैरवी पार्टी के शीर्ष नेताओं ने भी की।
भाजपा ने उझानी में पूनम अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है, मालूम हो कि पूनम अग्रवाल लगातार दो बार उझानी की चेयरमैन रह चुकी हैं। इससे पहले वह समाजवादी पार्टी में रहते हुए साइकिल के सिंबल पर जीती थीं। कुछ महीने पहले पहले उन्होंने साइकिल छोड़कर कमल का दामन थाम लिया था। पूनम अग्रवाल के पति विमल कृष्ण अग्रवाल पूर्व राज्यमंत्री रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक उनके भाजपा में शामिल होने के समय हुई चेयरमैन का टिकट पक्का होना तय हो गया था। अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित बिल्सी सीट पर ज्ञानवती सागर को अपना उम्मीदवार बनाया है। ज्ञानवती सागर पूर्व में सभासद रही हैं और इनके पति ओमप्रकाश सागर वर्ष 2012 में नगर पालिका परिषद के चेयरमैन रह चुके हैं।
पार्टी ने कार्यकर्ताओं के अंदर एक विश्वास को मजबूत बनाने के लिए पूर्व युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष हरिओम पाराशरी को पहली बार बिसौली नगर पालिका परिषद के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह पार्टी ने सहसवान नगर पालिका परिषद सीट पर अनुज माहेश्वरी को मैदान में उतारा है। वह युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।
भाजपा ने अल्पसंख्यक बहुल्य ककराला में मरगूब अहमद खां पर दांव लगाया है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि मरगूब अहमद खान की अच्छी छवि होने के कारण भाजपा ने उन्हें टिकट दिया है। भाजपा ककराला में पहली बार कमल खिलाने के प्रयास में है। वहीं, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित दातागंज सीट से नैना गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा द्वारा इन प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किए जाने के बाद निकाय चुनाव की सरगर्मियां जिले में तेजी से बढ़ गई हैं। प्रत्याशियों के समर्थकों द्वारा जनता से संपर्क किया जाने लगा है। खास बात यह है कि भाजपा ने आधी आबादी पर ज्यादा भरोसा जताया है। जिले की सात नगर पालिका परिषद सीटों में से चार पर महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा के बाद बाकी पार्टियों के उम्मीदवार भी सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। मालूम हो कि समाजवादी पार्टी ने निकाय चुनाव में किसी भी प्रत्याशी को सिंबल देने से इनकार कर दिया है।
दीपमाला और पूनम रह चुकी हैं चेयरमैन
बदायूं, अमृत विचार: भाजपा ने जिन उम्मीदवारों को अपना प्रत्याशी बनाया है उनमें दीपमाला गोयल बदायूं और पूनम अग्रवाल उझानी नगर पालिका परिषद से चेयरमैन रही चुकी हैं। इनके अलावा बिल्सी की प्रत्याशी ज्ञानवती सागर सभासद और उनके पति ओमप्रकाश सागर बिल्सी नगर पालिका परिषद के चेयरमैन रह चुके हैं।
तीन वैश्य और एक ब्राह्मण को मिला है टिकट
भाजपा ने जिन प्रत्याशियों की घोषणा की है उनमें से तीन वैश्य और एक ब्राह्मण समाज से हैं। बदायूं की दीपमाला गोयल, उझानी की पूनम अग्रवाल, सहसवान के अनुज माहेश्वरी वैश्य वर्ग से हैं। दातागंज की नैना गुप्ता पिछड़े वर्ग से हैं। उनके नाम के आगे गुप्ता लगा होने से टिकट के दावेदारों की सूची जारी होने के बाद इसको लेकर खासी चर्चा रही।
भाजपा ने नगर पंचायतों में वैश्य समाज के छह उम्मीदवार उतारे मैदान में
भाजपा ने जिले में नगर पंचायतों के लिए जिन प्रत्याशियों की घोषणा की है उनमें सबसे अधिक छह प्रत्याशी वैश्य समाज से हैं। पहली बार भाजपा ने जिले की दो नगर पंचायतों में मुस्लिमों को अपना उम्मीदवार बनाया है। बाकी नगर पंचायतों में आरक्षण के हिसाब से उम्मीदवार उतारे हैं।
भाजपा ने हर वर्ग को साधने की कोशिश की है, लेकिन बहुत से दावेदारों में टिकट ना मिलने से नाराज हैं। हालांकि उनकी नाराजगी खुलकर सामने नहीं आई है। निराशा हुए दावेदार पार्टी का अपना निर्णय बताकर लोगों को समझा रहे हैं। पार्टी ने नगर पालिका परिषद में भी तीन प्रत्याशी वैश्य वर्ग से लिए हैं।
भारतीय जनता पार्टी ने देर शाम नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए। सुबह से ही पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक सूची का इंतजार कर रहे थे। शाम को जैसे ही सूची जारी हुई ऐसे ही टिकट प्राप्त करने वालों में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले में 14 नगर पंचायत हैं। जहां चेयरमैन पद के लिए कई-कई दावेदार थे। पार्टी ने सभी से आवेदन मांगे थे।
दावेदारों ने जिला कमेटी के जरिए अपने आवेदन पार्टी को पहुंचाएं। पार्टी ने दावेदारों की हर स्तर पर जांच पड़ताल की कोशिश की। तय किया कि ऐसे किसी व्यक्ति को प्रत्याशी ना बनाया जाए जिसकी छवि आम जनता में अच्छी ना हो या फिर वह जीतने में कामयाब ना हो पाए।
अगले वर्ष 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा ने हर वर्ग को साधने की कोशिश की है। हालांकि नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए छह प्रत्याशी वैश्य वर्ग से लिए हैं। सूची के अनुसार भाजपा ने सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित उसावां नगर पंचायत में धीरेंद्र गुप्ता को और उसहैत से गौरव कुमार को प्रत्याशी बनाया है। धीरेंद्र गुप्ता निवर्तमान चेयरमैन हैं, जबकि गौरव गुप्ता पहले चेयरमैन रह चुके हैं। इससे पहले उनकी पत्नी सेनरा वैश्य चेयरमैन रहीं।
भाजपा ने अलापुर में वैश्य बिरादरी की रेखा गुप्ता को प्रत्याशी बनाया है। पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित गुलरिया में तारा देवी, सखानू में मुस्लिम प्रत्याशी के तौर पर आसिफ हुसैन को उम्मीदवार बनाया गया है। पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित कछला में जगदीश कलवानिया, अनुसूचित जाति के लिए अरक्षित कुंवरगांव में ज्योति रावत को प्रत्याशी बनाया है। इसी तरह वजीरगंज में सामान्य महिला सीट के लिए संगीता वार्ष्णेय को उम्मीदवार बनाया है। सैदपुर में विकार अहमद को प्रत्याशी बनाया है।
सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित मुड़िया में अनुपम पाठक को प्रत्याशी बनाया है, जबकि फैजगंज बेहटा में प्रदीप गुप्ता को चुनाव मैदान में उतारा गया है। अनुसूचित जाति महिला को आरक्षित रुझान में सीमा चौधरी को प्रत्याशी बनाया है। जबकि महिला वर्ग के लिए आरक्षित इस्लाम नगर में भावना वार्ष्णेय को टिकट दिया गया है। पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित दहगवां में पार्वती को प्रत्याशी बनाया गया है।
पार्टी ने सबसे अधिक वैश्य वर्ग के दावेदारों को टिकट दिया है, जबकि ब्राह्मण समाज से एकमात्र अनुपम पाठक को मुड़िया धुरेकी सीट से उतारा गया है। भाजपा ने जिले में पहली बार दो मुस्लिम उम्मीदवारों पर अपना दांव खेला है। नगर पंचायत सैदपुर और सखानू दोनों ही मुस्लिम बाहुल्य सीटें हैं। इसलिए पार्टी का प्रयास है कि यहां पर भी कमल खिले।
दहगवां के मतदाता पहली बार चुनेंगे चेयरमैन
नवसृजित देहगवां नगर पंचायत के मतदाता पहली बार चेयरमैन का चुनाव करेंगे। बता दें कि दहगवां पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता का गृह नगर है। उन्हीं के प्रयासों के चलते दहगवां को नगर पंचायत बनाया गया है।
