UP Nikay Chunav 2023 : गांव की राजनीति का लोहा नगर पंचायत में मनवाने की छिड़ी जंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पहली बार बनी एट नगर पंचायत में राजनीतिज्ञों की प्रतिष्ठा दांव पर

अमृत विचार, एट / जालौन। दो वर्ष पूर्व अस्तित्व में आई नगर पंचायत एट में पहली मर्तबा चुनाव  हो रहा है। यहां पर गांव की राजनीति में दमखम रखने वाले अब नगर पंचायत की राजनीति में भी अपना लोहा मनवाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। यही वजह है कि यहां का चुनाव दिनों दिन दिलचस्प होता जा रहा है। हालात यह है कि यहां पर कोई अपने परिजनों को अपनी राजनीतिक विरासत सौंपकर अपने वजूद को दिखाना चाह रहा है तो कोई अपने चहेतों को चेयरमैन बना कर यह संदेश देना चाहता है कि आज भी उनके प्रति मतदाताओं का विश्वास कम नहीं हुआ है। बीजेपी, सपा से लेकर सभी प्रमुख दलों के अलावा निर्दलीय भी चुनाव में पूरी ताकत झोंके हुए है।

नई बनी नगर पंचायत एट अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। एट को जनपद की सबसे बड़ी नगर पंचायत का दर्जा मिला है। यहां पर पहली बार चेयरमैन और सभासद के लिए मतदान होने जा रहा है। इसके पहले एट ग्राम पंचायत हुआ करती थी और जनपद की सबसे बड़ी ग्राम पंचायत का दर्जा प्राप्त था। आरक्षण में  सीट अनुसूचित महिला के लिए आरक्षित हो गई तो बड़े दिग्गजों का चुनाव लड़ने का सपना टूट गया था, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी जहां भाजपा सपा बसपा और कांग्रेस ने नई नगर पंचायत पर कब्जा जमाने के लिए अपने प्रत्याशी उतारे हैं तो वही कुछ दिग्गजों ने निर्दलीय उमीदवार मैदान में उतार दिए। इससे चुनाव और रोचक हो गया है। 

बीजेपी ने एट जिला पंचायत सदस्य मेवा रानी की पुत्रवधू दीप माला वर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है तो वहीं बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व प्रधान स्वर्गीय पाँन कुवाँर अहिरवार की पुत्रवधू इंद्रा चौधरी को उतार दिया। समाजवादी पार्टी से पूर्व प्रधान रहे मैथिलीशरण दीक्षित के पुत्र सुधीर दीक्षित ने अपने मित्र की पत्नी पूनम देवी को चुनावी समर में उतार दिया। चुनावी की बागडोर स्वयं संभाल रखी है। यहां पर कांग्रेस भी पीछे नहीं रही। कांग्रेस ने पूर्व बीडीसी उमाशंकर की मां किशोरी देवी वर्मा को मुकाबले में उतारकर चुनाव को रोचक बना दिया। 

भाजपा से टिकट ना मिलने से नाराज पूर्व प्रधान अरविंद कुमार उर्फ लाल जी ने पूर्व प्रधान वर्तमान में जिला पंचायत सदस्य पूनम को निर्दलीय चुनाव मैदान में उतारा है। पूर्व प्रधान संजीदा बेगम के पति लल्लन ने आमआदमी पार्टी का सहारा लेकर सुनीता कठेरिया को चुनाव में उतार दिया। लल्लन ने चुनाव में पूरी ताकत झेंक दी है। इन सभी नेताओं का एक ही मकसद है कि उनकी राजनीतिक हैसियत बनी रहे। यही वजह है कि प्रत्याशी से ज्यादा वह नेता सक्रिय दिख रहे है। यही वजह है कि एट में चुनावी मुकाबला और रोचक होता जा रहा है। यहां पर हर दिन नए समीकरण बन बिगड़ रहे है। इस सबसे दूर मतदाता इन नेताओं के बीच में छिड़ी अपनी ताकत दिखाने की जंग को खामोशी से देख रहे है। चार मई को बारी मतदाताओं की होगी। जब वह बैलट पेपर से किसी एक के मंसूबे को पूरा करेंगे।

ये भी पढ़ें - लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्री व्हीलर संघ ने निकाय चुनाव में भाजपा को दिया समर्थन

संबंधित समाचार