मुरादाबाद : नशे की पुड़िया के लिए कर दिया दोस्त का कत्ल, दोनों आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पाकबड़ा पुलिस ने किया सायबे आलम हत्याकांड का पर्दाफाश, अरोपियों ने कबूला गुनाह, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए जेल

मुरादाबाद, अमृत विचार। नशे की पुड़िया के लिए पहले दो युवकों ने दोस्त का गला घोंटा फिर ईंट से सिर कूंच कर उसकी हत्या कर दी। नशे के चक्कर में आरोपियों ने वर्षों पुरानी दोस्ती तक की परवाह नहीं की। दोस्त से जानी दुश्मन बने दोनों युवकों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करते हुए पाकबड़ा पुलिस ने सोमवार को साहिबे आलम हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया। दोनों आरोपी कोर्ट से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिए गए।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि 23 अप्रैल को पाकबड़ा थाना क्षेत्र में कैलसा रोड स्थित जुम्मेरात के कब्रिस्तान में 20 वर्षीय एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान साहिबे आलम पुत्र शाहिद हुसैन निवासी कलरिया महादेव मंदिर के समीप पाकबड़ा के रूप में हुई। मृतक के भाई फिरोज आलम उर्फ बबलू ने हत्या का आरोप कैलसा रोड निवासी गौरव गुप्ता पर लगाया था। बताया कि गौरव गुप्ता ही साहिबे आलम को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। जिसके बाद साहिबे आलम का शव कब्रिस्तान से बरामद हुआ। तहरीर के आधार पर गौरव गुप्ता के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज करते हुए पुलिस हत्याकांड की तह तक जाने में जुटी। हत्थे चढ़े गौरव गुप्ता से पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी पुलिस के हाथ लगी।

रुपये देने से इनकार पर साहिबे आलम की ली जान

मुरादाबाद : गौरव गुप्ता ने पूछताछ में बताया कि साहिबे आलम का कत्ल उसने अकेले नहीं किया है। वारदात में उसका साथी लक्की उर्फ फैजान पुत्र इस्माईल निवासी मोहल्ला जुम्मेरात का बाजार, पाकबड़ा भी शामिल है। गौरव ने बताया कि 22 अप्रैल की शाम तीनों एक साथ जुम्मेरात के कब्रिस्तान पहुंचे। वहां नशे की पुड़िया खरीदने के लिए गौरव व लक्की ने साहिबे आलम से पैसे मांगे। उसने रुपये देने से दो टूक इनकार कर दिया। तब सौरभ व लक्की भड़क गए। साहिबे आलम से दोनों का विवाद शुरू हुआ।

नोकझोंक व हाथापाई में साहिबे आलम का कुर्ता भी फट गया। इस बीच गौरव ने सायबे आलम के दोनों पैर पकड़े और लक्की उर्फ फैजान ने गमछे से साहिबे आलम का गला घोंट दिया। इसके बाद पास पड़ी ईंट से साहिबे आलम के चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। साहिबे आलम की मौत के तत्काल बाद दोनों कातिल मौके से भाग निकले। हत्या की पूरी कहानी सामने आने के बाद पुलिस ने लक्की उर्फ फैजान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली। 24 घंटे के भीतर दोनों हत्यारोपियों के पकड़े जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है।

ये भी पढ़ें :- मुरादाबाद : 5.5 हजार कर्मचारी कराएंगे निकाय चुनाव, डीएम बोले- मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को और मजबूत बनाएं

संबंधित समाचार