मुरादाबाद : गला रेतकर ई-रिक्शा संचालक के पुत्र की हत्या, खेत में मिला शव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

घटना स्थल से डेढ़ किमी दूर मिला चालक का ई- रिक्शा

मुरादाबाद, अमृत विचार। पाकबड़ा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात ई-रिक्शा संचालक के पुत्र की गला रेत कर हत्या कर दी गई। खून से सना मृतक का शव उमरी सब्जीपुर गांव के जंगल से सोमवार को बरामद हुआ। शव का पोस्टमार्टम कराकर पाकबड़ा पुलिस कातिलों की तलाश में जुट गई। सीडीआर की मदद से मृतक के मोबाइल फोन की काल डिटेल खंगाली जा रही है।

मझोला थाना क्षेत्र के गागन वाली मैनाठेर का रहने वाला हसमत ई-रिक्शा का संचालन करता है। हसमत का 20 वर्षीय पुत्र रिजवान रविवार शाम ई- रिक्शा लेकर घर से निकला। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। सोमवार को पाकबड़ा के उमरी सब्जीपुर के ग्रामीण खेत की ओर निकले। जहां उनकी नजर झाड़ियों में पड़े एक युवक के खून से सने शव पर गई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रभारी निरीक्षक पाकबड़ा मोहित चौधरी कुछ ही देर में मौके पर पहुंचे। सूचना पाकर एसएसपी हेमराज मीना भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम भी घटना स्थल पर बुलाई गई।

मृतक की पहचान परिजनों ने रिजवान के रूप में की। मृतक के गले पर धारदार हथियार का गहरा निशान मिला। हालांकि मृतक का मोबाइल पुलिस के हाथ नहीं लगा। निरीक्षण के दौरान ही पता चला कि मृतक का ई-रिक्शा पाकबड़ा-सम्भल रोड पर फरीदपुर गांव के समीप खड़ा है। पुलिस ने ई-रिक्शा कब्जे में ले लिया। परिजनों से मिले मृतक के मोबाइल नंबर की सीडीआर निकाली गई। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि आखिरकार किस परिस्थिति में रिजवान पाकबड़ा पहुंचा था। पाकबड़ा पुलिस के साथ ही एसओजी टीम भी कातिलों की तलाश में जुटी है।

गला काटकर रिजवान की हत्या की गई है। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के बाद पुलिस कातिलों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। जल्द ही हत्याकांड का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।-हेमराज मीना, एसएसपी

ई-रिक्शा विक्रेता ने दी हत्या की सूचना

मुरादाबाद। प्रभारी निरीक्षक पाकबड़ा मोहित चौधरी ने बताया कि रिजवान की हत्या होने की खबर मृतक के परिजनों को एक ई-रिक्शा विक्रेता ने दी। बताया कि पाकबड़ा-सम्भल रोड पर एक ई-रिक्शा विक्रेता की दुकान है। जिसके मालिक सचिन शर्मा हैं। पाकबड़ा में युवक की हत्या होने की सूचना सचिन शर्मा ने ही हसमत को दी। सचिन के बुलावे पर ही परिजन मृतक का आधार कार्ड लेकर मौके पर पहुंचे थे। तभी मृतक की पहचान भी हो पाई। मृतक का मोबाइल गायब है। आशंका जताई जा रही है कि वारदात के बाद कातिल ने मोबाइल लूट लिया होगा। पुलिस मोबाइल की लोकेशन तलाशने में जुटी है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : नशे की पुड़िया के लिए कर दिया दोस्त का कत्ल, दोनों आरोपी गिरफ्तार

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज