नैनीताल: कैफे संचालिका ने लगाया पार्टनर पर दुष्कर्म का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नैनीताल, अमृत विचार। एक कैफे की संचालिका ने अपने कारोबारी पार्टनर के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है। भवाली पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जानकारी के मुताबिक भीमताल की एक महिला ने जिला न्यायालय को एक पत्र लिखकर कहा था कि उसके कारोबारी पार्टनर ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। महिला ने बताया कि कारोबारी को वह पहले से जानती थी। दोनों की मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए साल 2015 में हुई थी।

दोनों परिचित थे तो उन्होंने श्यामखेत में एक कैफे शुरू करने का फैसला किया। महिला का आरोप है कि पार्नटर ने उन्हें कारोबार के काम के संबंध में कुछ काम करने के लिए बुलाया था। कैफे में उनकी मुलाकात नहीं हुई लेकिन 17 फरवरी के दिन कारोबारी पार्टनर ने उसे घर पर ही मिलने बुलाया। महिला आरोपित के भवाली स्थित घर पहुंची तो वह अश्लील फोटो दिखाने लगा। महिला के विरोध करने के बाद भी वह गंदी हरकत करता रहा और जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए।

आरोपित ने महिला को पूरी रात कमरे में बंद रखा। महिला ने जब पुलिस में जाने की बात कही तो कारोबारी ने उसे और उसके भाई को जान से मारने की धमकी दी। महिला का ये भी कहना है कि कारोबारी उस पर कैफे की साझेदारी छोड़ने का दवाब भी बना रहा है। आरोपित के वहां से लौटने के बाद महिला ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म और धमकी देने सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

संबंधित समाचार