हल्द्वानी: सड़क पर मृत मिला टाटा मोटर्स का फिटर, दोस्त लापता
रविवार एसटीएच में मृत अवस्था में शव लेकर पहुंचे थे परिजन
काशीपुर थानाध्यक्ष ने किया घटना की जानकारी से इंकार
हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार शाम एक युवक दोस्त के साथ घर से निकला और कुछ देर बाद सड़क किनारे लहूलुहान मिला। उसका दोस्त लापता था। आनन-फानन में घायल को इलाज के लिए सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय लाया गया, लेकिन यहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इधर, काशीपुर पुलिस ने घटना की जानकारी होने से इंकार कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक गली नंबर 6 न्यू सब्जी मंडी काशीपुर निवासी विपुल नाथ तिवारी (27) पुत्र विश्वेश्वर नाथ तिवारी टाटा मोटर्स कंपनी में फिटर के पद पर तैनात था। रविवार को काम से लौटने के बाद वह घर आया और कुछ ही देर बाद उसका दोस्त नीरज घर पहुंच गया।
विपुल बगैर घर में बताए नीरज के साथ घर से निकल गया। विपुल, नीरज के दो पहिया वाहन पर सवार था। कुछ देर बाद परिजनों के पास खबर पहुंची कि विपुल सड़क किनारे लहूलुहान हालत में पड़ा है। परिजन आनन-फानन में उसे सुशीला तिवारी चिकित्सालय लाए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विपुल के छोटे भाई विपिन ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें पुलिस से मिली थी और घटना स्थल पर न तो नीरज मिला और न उसकी गाड़ी। घटना के बाद से नीरज लापता है। वहीं काशीपुर थानाध्यक्ष ने घटना की जानकारी से इंकार किया है। उनका कहना है कि इस संबंध में अभी तक कोई तहरीर लेकर नहीं आया।
यह भी पढ़ें: रुद्रपुर: दुकान, प्लाट व फ्लैट के नाम पर 15.76 लाख रुपये की ठगी
