भ्रष्ट भाजपा का ध्यान अपने दो-तीन मित्रों की मदद करने पर है: राहुल गांधी
बेलगावी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोमवार को यह कहते हुए किसानों, मजदूरों और छोटे कारोबारियों तक पहुंच बनाने का प्रयास किया कि उनकी पार्टी सभी के लिए समृद्धि लाने वाली कहानी लिखने के लिए प्रतिबद्ध है। बेलगावी जिले के रामदुर्ग में गन्ना किसानों के साथ बातचीत में गांधी ने कहा कि भारत की प्रगति उसके किसानों, मजदूरों और छोटे व्यवसायों की प्रगति पर निर्भर करती है।
गांधी ने कहा कि कर्नाटक और पूरे भारत में किसानों के साथ बातचीत से उन्हें ‘‘भ्रष्ट भाजपा शासन के चलते उनके लिए उत्पन्न दिक्कतों के बारे में जानकारी मिली, जिसका ध्यान केवल अपने दो-तीन मित्रों की मदद करने पर केंद्रित है।’’ उन्होंने कहा कि किसानों और छोटे व्यवसायियों को संरक्षित और सशक्त किया जाना चाहिए, न कि ‘‘भाजपा की जीएसटी जैसी त्रुटिपूर्ण नीतियों’’ के चलते उन्हें निशाना बनाया जाना चाहिए।
गांधी ने बाद में ट्वीट किया, ‘‘कांग्रेस पार्टी विकास की ऐसी कहानी लिखने के लिए प्रतिबद्ध है, जो सभी के लिए समृद्धि लाए।" दस मई को होने वाले कर्नाटक विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के प्रचार के लिए राज्य के दौरे पर आए गांधी ने कहा, ‘‘कर्नाटक यह बदलाव लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।’’
यह भी पढ़ें- गूगल की ऐप नीति पर 26 अप्रैल तक गौर करे प्रतिस्पर्धा आयोगः दिल्ली उच्च न्यायालय
