प्रयागराज: मतदान केंद्रों का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश
प्रयागराज, अमृत विचार। पुलिस आयुक्त एवं जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को पार्टी रवाना स्थल केपी इण्टर कालेज ग्राउण्ड में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने नवीन महिला सेवा सदन इण्टर कालेज व एनी बेसेंट गल्र्स इण्टर मीडिएट कालेज में निर्वाचन हेतु बनाये गये मतदान केन्द्र, मतदेय स्थलों का निरीक्षण करते हुए वहां पर सभी आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
पुलिस आयुक्त रमित शर्मा एवं जिलाधिकारी, जिला निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार खत्री ने एडीएम प्रशासन हर्षदेव पाण्डेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व जगदम्बा सिंह, एसडीएम सदर, समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट, अधिशाषी अभियंता पीडब्लूडी अन्य सम्बंधित अधिकारियों से नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन हेतु मतदान को सम्पन्न कराने के लिए मतदान पार्टी प्रस्थान स्थल, आरओ,एआरओ काउंटर, जोनल,सेक्टर मजिस्ट्रेट काउंटर, टेबलों का अरेजमेंट, ड्यूटी चेक करने हेतु कंट्रोल रूम बनाये जाने, ईवीएम व चुनाव सामाग्री वितरण काउंटर, सामाग्री मिलान स्थल, पार्किंग की व्यवस्था, स्वास्थ्य, परिसर की साफ-सफाई, विद्युत, टेण्ट, पेयजल, रिजर्व पोलिंग कर्मिंयों के बैठने का स्थान आदि के बारे में जानकारी प्राप्त की। प्लान बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने मतदान दिवस के पूर्व 3 मई को पोलिंग पार्टी रवाना स्थल केपी इण्टर कालेज ग्राउण्ड में मतदान कर्मिंयों के द्वारा ड्यूटी पत्र प्राप्त करने के पश्चात ईवीएम मशीनों व चुनाव सामाग्री को प्राप्त करने व उनके मिलान के लिए बनाये जा रहे काउंटरों, स्थानों के बारे में जानकारी ली। प्रत्येक के लिए अलग-अलग टेण्ट लगाये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। जिलाधिकारी ने सभी काउंटरों व टेण्टों में साइनेज लगवाने हेतु निर्देशित किया है, जिससे कि मतदान कर्मियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
नगर निगम के अधिकारियों को वहां पर साफ-सफाई की अच्छी व्यवस्था, गर्मी को देखते हुए पंखा, कूलर, पीने के पानी, टेण्ट की व्यवस्था व मोबाइल टाॅयलेट लगाये जाने हेतु निर्देशित किया है। जिलाधिकारी ने एआरटीओ से केपी ग्राउण्ड में पार्टियों को मतदान स्थल तक ले जाने वाले वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था, वाहन संख्या, रूट चार्ट व संख्या के अनुसार व्यवस्थित ढंग से उन्हें खड़ा किए जाने व साइनेज लगवाने हेतु निर्देश दिया है। चिन्हित संवेदनशील केन्द्रों पर वीडियो रिकार्डिंग करवाने के लिए कहा है। इस दौरान पर सम्बंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -बस्ती: बागियों के ताल ठोंकने से रोचक हुई नगर पालिका अध्यक्ष पद की सियासी लड़ाई
