अमरोहा : भाजपा कार्यकर्ताओं व प्रत्याशियों में जोश भर गए मुख्यमंत्री

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

योगी आदित्यनाथ ने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए पैसे की कमी नहीं होने देंगे

अमरोहा में जनसभा को सम्बोधित करते हुए और मंचासीन भाजपा नेता।

अमरोहा, अमृत विचार। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों व स्थानीय निकाय के प्रत्याशियों में जोश भर दिया। उन्होंने मंच से ही भाजपा के नगर पालिका परिषद व नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों का नाम लेते हुए जनता का आह्वान किया कि डबल इंजन की सरकार के साथ ही अब आप इसमें एक इंजन और जोड़ दीजिए। भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर नगर निकायों का विकास कराएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि विकास कार्यों के लिए पैसे की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। 

यहां की जनता को अब यह फैसला करना है कि विकास कराने वालों को मत देना है या तमंचे की राजनीति करने वालों को। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब नगरों में गंदगी नहीं, विकास की गंगा बह रही है। उन्होंने नगर पालिका परिषद अमरोहा से शशि जैन, गजरौला से कमलेश आर्य, हसनपुर से राजपाल सैनी, धनौरा से राजेश सैनी, बछरायूं से डा. शुभम शर्मा, अब्दुल कलाम नगर पंचायत जोया, वसीम अल्वी उझारी, मुस्लिमा नगर पंचायत नौगांवा सादात से, नगर पंचायत सैदनगली से अनुकृति चौधरी को विजयी बनाने का आह्वान किया।  

सपा छोड़ भाजपा में शामिल हुईं जिला पंचायत सदस्य
अमरोहा। जिला पंचायत के वार्ड नंबर 13 से समाजवादी पार्टी की सदस्य सितारुल जहां ने सोमवार को मुख्यमंत्री की जनसभा के मंच से भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। विधायक महबूब अली के विधानसभा क्षेत्र को सपा का गढ़ माना जाता है। ऐसे में किसी जिला पंचायत सदस्य का भाजपा में शामिल होना सपा की कमजोरी माना जा रहा है।

जनसभा में नौगांवा सादात नगर पंचायत से भाजपा प्रत्याशी मुस्लिमा ने कई बार इंशा अल्लाह बोला। उन्होंने नगर पंचायत में विकास कराने का आश्वासन देते हुए कहा कि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया तो ‘इंशा अल्लाह‘ नगर विकास का चहुमुंखी विकास कराया जाएगा। उन्होंने भाजपा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुस्लिम कार्यकर्ता में पार्टी ने विश्वास जताया है। वह जीत दर्ज कराकर पार्टी की झोली में यह सीट डाल देंगी।

मेटल डिटेक्टर से की गई चैंकिग
अमरोहा। लोगों के कपड़े काले होने पर उन्हें अंदर जाने से रोका। किसी की शर्ट तो किसी की पेंट काले रंग की होने पर उन्हें जनसभा में जाने से रोकने की कोशिश की। केवल आम लोगों को ही नहीं, बल्कि पत्रकारों को भी इस समस्या का सामना करना पड़ा। गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने लोगों की चेकिंग करते हुए काले कपड़े पहन कर आने वालों को टारगेट किया। जनसभा में जाने वाले लोगों को पुलिस ने बेरीकेड लगाकर उनकी चैंकिग करने के साथ ही काफी देर तक रोके रखने की कोशिश की। शिकायत आयोजकों तक पहुंची, तब उन्होंने पुलिस अधिकारियों से आह्वान किया कि जनसभा में आने वाले लोगों को बेवजह परेशान न किया जाए तथा उन्हें सभा स्थल तक पहुंचने दिया जाए।

पल पल की खबर लेने के लिए पुलिस अधिकारी ड्रोन से जायजा लेते रहे। चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा लगा हुआ था। निर्माणाधीन पुलिस लाइन में आयोजित जनसभा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन ने चारों ओर बेरिकेडिंग थी।
     
जनसभा के बाद मुख्यमंत्री मंच से उतर कर हेलीकॉपटर की ओर चल पड़े। काफी देर तक जनता मुख्यमंत्री के हेलीकॉपटर के उड़ने की प्रतीक्षा करती रही। लेकिन, काफी देर तक हेलीकॉपटर ने उड़ान नहीं भरी। लगभग 15 मिनट के बाद जब हेलीकॉपटर ने उड़ान भरी।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: युवती से सामूहिक दुष्कर्म का प्रयास, शिकायत दर्ज

संबंधित समाचार