अयोध्या में तेज हवाओं के चलते चरमराई बिजली आपूर्ति व्यवस्था, कई जगह गिरे खम्बे
हैदरगंज/ अयोध्या । सोमवार देर शाम तेज हवा व हल्की बारिश होने के चलते विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। जिससे सैकड़ों गांव के लोग 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी बिना बिजली के रहने को मजबूर हैं। बता दें विद्युत उपकेंद्र केलालाल खां के अंतर्गत 160 गांव के उपभोक्ताओं को बिजली की सप्लाई की जाती है। अभी तक बिजली न आने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार की शाम को चली तेज हवाओं व हल्की बारिश ने हाईटेंशन के अलग-अलग फीडरो के जर्जर पोलों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे कई पोल टूट कर जमीन पर गिर गए तो कहीं सड़कों पर लटक गए हैं। सड़कों पर लटके होने के कारण लोगों को आवागमन करने में खतरा बना हुआ है। क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है जर्जर पोलो एवं ढीले तारों को लेकर विद्युत विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई है लेकिन उन्हीं जर्जर पोलों पर सप्लाई दौड़ रही है। विद्युत विभाग के जिम्मेदार लोग ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जेई राजेश यादव ने बताया उपकेंद्र पर कुछ तकनीकी कमियां हो गई है। मौसम खराब होने के कारण कुछ पोलों के टूटने की जानकारी है। सभी फीडरो के लाइनमैन को लगा दिया गया है जल्द ही विद्युत व्यवस्था बहाल हो जाएगी।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : 25 दिन में 4 केंद्रों पर महज 74 कुंतल गेहूं खरीद, जिम्मेदार बोले- नहीं आ रहे हैं किसान
