रुद्रपुर: ऑटो चालकों का विधायक एवं प्रशासन के नाम पर वसूली का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। सीएनजी ऑटो चालकों ने विधायक और प्रशासन के नाम पर वसूली करने व चालकों से मारपीट करने का आरोप लगाते हुए जुलूस निकाला।

उन्होंने एसएसपी व कोतवाली में जाकर प्रदर्शन कर अपना रोष जताया। उनका आरोप था कि सीएनजी चालक मेहनत कर अपने परिवार का भरण पोषण कर रहे हैं। ऐसे में चालकों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की।

मंगलवार को बंगाली नेता सुब्रत कुमार विश्वास के नेतृत्व में सीएनजी टेंपो यूनियन के बैनर तले सीएनजी ऑटो चालक नैनीताल हाईवे से जुलूस निकालते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे। उनका कहना था कि 24 अप्रैल को डीडी चौक पर कुछ लोगों ने सीएनजी ऑटो चालकों को रोककर जबरन वसूली शुरू कर दी।

जब उन्होंने इसका विरोध किया तो दबंगों ने विधायक एवं प्रशासन के कुछ अधिकारियों का नाम लेते हुए धमकाया। उन्होंने विधायक और प्रशासन के नाम पर वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर देवप्रकाश, असलम खां, अमर दास, अवधेश कुमार, रामवीर सिंह, ओम बाबू, कृपाल राठौर, वेदप्रकाश, बाबूराम, दिनेश चंद्र, लेखराज आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार