रामनगर: गर्जिया मंदिर घूमने आए दो युवकों की कुंड में डूबने से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। गार्जिया मंदिर में दर्शन के लिए आए पांच युवकों में से दो की कोसी नदी में नहाते वक्त डूबने से मौत हो गयी। युवक मुरादाबाद से यहां घूमने आए थे। 

मंगलवार की दोपहर पांचों युवक गिरिजा देवी मंदिर में दर्शन करने के लिए आए थे। मंदिर में दर्शन के बाद युवक कोसी नदी में नहाने लगे। इसके बाद दो युवक पानी के गहरे कुंड में डूब गए। दोनों युवकों को डूबता देख साथियों ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी गर्जिया चौकी पुलिस को दी।

कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को बेहोशी की हालत में पुलिस के सहयोग से पानी के कुंड से बाहर निकाला गया। उन्हें तत्काल उपचार के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस चौकी के इंचार्ज गगनदीप सिंह ने बताया कि कुंड में डूबने से मुरादाबाद निवासी आशीष ठाकुर (19) पुत्र डॉ. राजकुमार निवासी हरतला मुरादाबाद और सूरज यादव (18) पुत्र अज्ञात की मनोकामना मंदिर के पास नदी में डूबने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है। जवान युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

 

संबंधित समाचार