बरेली: मौसम में बदलाव...ओपीडी में बुखार के 20 फीसदी रोगी, मलेरिया जांच का पता नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिला अस्पताल और 300 बेड अस्पताल में बढ़ रही बुखार रोगियों की संख्या

DEMO IMAGE

बरेली, अमृत विचार। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते लोग बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। सरकारी और निजी अस्पतालों में बुखार रोगियों की संख्या बढ़ रही है। जिला अस्पताल और 300 बेड अस्पताल की ओपीडी में रोजाना करीब 2 हजार से अधिक मरीज आ रहे हैं। इनमें से 20 फीसदी रोगी बुखार से ग्रसित मिल रहे हैं। इसमें हर आयु वर्ग के रोगी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को जिला अस्पताल में कुल 12 सौ रोगी पहुंचे, इनमें से 375 बुखार से ग्रसित मिले।

कई दिनों से बुखार आने की समस्या बताने पर डॉक्टर इन्हें खून की जांच कराने की सलाह दे रहे हैं। ऐसे में अस्पताल स्थित पैथोलॉजी में रोजाना 250 से 300 मरीजों की खून की जांच हो रही है। अधिकांश रिपोर्ट में मरीज बुखार के चलते गले और लीवर के संक्रमण से जूझ रहे हैं।

मलेरिया जांच का पता नहीं
बीते दिनों संचारी के निदेशक डॉ. एके सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के साथ बैठक कर ओपीडी में आने वाले बुखार रोगियों की अनिवार्य रूप से मलेरिया जांच कराने के निर्देश दिए थे, लेकिन अफसर इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जबकि रोजाना बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।

17 बच्चे डायरिया से ग्रसित, बच्चा वार्ड फुल
मौसम में बदलाव बड़ों के साथ बच्चों की सेहत पर भी असर डाल रहा है। बीते एक माह से जिला अस्पताल स्थित बच्चा वार्ड में बीमारियों से ग्रसित बच्चों की संख्या बढ़ी है। सबसे अधिक बच्चे डायरिया से ग्रसित मिल रहे हैं। यहां कुल 26 बेड हैं, मंगलवार को यहां 25 बच्चे भर्ती थे। इनमें 17 डायरिया से ग्रसित थे।

जिन मरीजों में मलेरिया के लक्षण मिल रहे हैं, उनकी जांच कराई जा रही है। वहीं, डायरिया का प्रकोप इस मौसम में अधिक रहता है। हालांकि, बच्चों के लिए पर्याप्त दवाएं और संसाधन उपलब्ध हैं---डॉ. अलका शर्मा, एडीएसआईसी, जिला अस्पताल।

यह भी पढ़ें- Bareilly: घरेलू कलह में रेलवे कर्मी ने दी जान, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार