UP Board Result : होनहार बिरवान के होत चीकने पात, चित्रकूट में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में मेधावियों ने मारी बाजी
चित्रकूट में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में मेधावियों ने मारी बाजी।
चित्रकूट में यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में बैजनाथ भारद्वाज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के दिव्यांशु शुक्ला और ज्ञान भारती इंटर कालेज के छात्र सत्यम चौरसिया ने जिला टाप किया है।
चित्रकूट, अमृत विचार। यूपी बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल में बैजनाथ भारद्वाज सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के दिव्यांशु शुक्ला और ज्ञान भारती इंटर कालेज के छात्र सत्यम चौरसिया ने जिला टाप किया है। उधर, इंटरमीडिएट में हरिमोहन सिंह इंटर कालेज की अंशिका सिंह ने पूरे जिले में सबसे ज्यादा नंबर लेकर अपना और कालेज का नाम रोशन किया है। जिले में इंटरमीडिएट में 85.27 प्रतिशत और हाईस्कूल में 88.68 प्रति छात्र-छात्राओं ने सफलता पाई है।
होनहार दिव्यांशु और सत्यम ने प्रदेश में नौवां स्थान प्राप्त किया है। जबकि सीआईसी में अव्वल रहने वाले छात्र विनायक भास्करम का प्रदेश में दसवां स्थान है। इंटरमीडिएट में जिले में अव्वल रहने वाली अंशिका का प्रदेश में सातवां स्थान है। इसके अलावा सीआईसी की छात्रा अनामिका सिंह ने भी प्रदेश की मेधावियों की इंटरमीडिएट टाप टेन सूची में नौवां स्थान प्राप्त किया है। वीरेंद्र सिंह की सुपुत्री अनामिका को 96.20 प्रतिशत अंक मिले हैं। वह वर्तमान में कोटा में रहकर नीट की तैयारी कर रही है।
गांव के बेटे ने किया नाम रोशन
रामनगर छीबों गांव के अखिलेश शुक्ला के बेटे अभिनव शुक्ला ने हाईस्कूल में 88.67 अंक प्राप्त कर नाम रोशन किया। अखिलेश एक निजी स्कूल में मामूली मानदेय में और कोचिंग चलाकर परिवार का भरणपोषण करते है। अभावों में शिक्षा ग्रहण कर मेधावी अभिनव ने चित्रकूट इण्टर कालेज से 532 अंक प्राप्त कर हाईस्कूल की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उसके घर में हर्ष का माहौल है। इन बच्चों के अलावा इंटरमीडिएट में सीआईसी के अंश श्रीवास्तव ने 95 फीसदी, आयुष अग्रहरि ने भी 95 फीसदी अंक लाकर कालेज का नाम रोशन किया है और उम्मीदें जगाई हैं।
ज्ञान भारती इंटर कालेज ने जमाई धाक
ज्ञान भारती इंटर कालेज के बच्चे हर बार धाक जमाते हैं। प्रबंधक शिवलाल राजपूत और प्रधानाचार्य छोटेलाल सिंह ने बताया कि इंटर में गोमती देवी 95.40 फीसदी, हिमांशी देववंशी 94.60, शिवांगी 94.60 फीसदी, आयुषी द्विवेदी 94.40 फीसदी, तन्मय गुप्ता और मोनिका यादव 93.80 फीसदी और शिवानी देवी ने 93..60 प्रतिशत अंक पाकर कालेज का नाम रोशन किया है। इसी प्रकार सत्यम चौरसिया जिसने 96.67 फीसदी अंक पाकर जिले में टाप किया है, के अलावा शिवबालक 96.16 फीसदी, नितेश केशरवानी 95.50 फीसदी, हरिओम अग्रहरि 95.33 फीसदी, आयुष मिश्रा 94.83 फीसदी, क्षितिज राजपूत 94.50 फीसदी, अनिकेत सिंह 94.50, अर्पित चौरसिया 94 प्रतिशत, प्रीति चौधरी 93.17 फीसदी और अनामिका ने 91.50 प्रतिशत अंक पाए हैं।
आईएएस बनना चाहता है सत्यम
96.66 अंक लाकर हाईस्कूल की मेरिट सूची में प्रदेश में नौवां स्थान पाने वाले और अरछा बरेठी गांव के किसान सुरिज पाल के बेटे सत्यम की आकांक्षा है कि वह सिविल सेवा में जाए। उसकी मंशा है कि आईएएस बनकर वह गरीबों की सेवा करे। उसने कहा कि वह और मन लगाकर पढ़ेगा, जिससे इंटरमीडिएट में ज्यादा अंक ला सके।
विनायक की इच्छा भी देशसेवा की
सीआईसी के छात्र विनायक भास्करम को 96.50 प्रतिशत अंक मिले हैं। उसका जिले में दूसरा स्थान है। विनायक की इच्छा भी प्रशासनिक सेवा में जाकर देशसेवा करने की है। वह भी कठिन मेहनत को सफलता की वजह बताता है। विनायक के पिता राठ के एक कालेज में शिक्षक हैं।
