शाहजहांपुर: इंटर में अनिकेत ने जिले में पहला और यूपी में पाया पांचवां स्थान, हाईस्कूल में वंशिका गंगवार ने किया जिला टॉप
शाहजहांपुर, अमृत विचार। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल परीक्षा 2023 में कृष्णानंद स्मारक इंटर कालेज बंडा की छात्रा वंशिका गंगवार ने 95.83 प्रतिशत अंक पाकर जिले में टॉप किया है। जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा में संजय कुमार सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्र अनिकेत पांडेय ने 96.60 प्रतिशत अंक लेकर जिला टॉप किया है। अनिकेत ने मंडल की मेरिट में दूसरा और प्रदेश की मेरिट में पांचवां स्थान हासिल कर कालेज के साथ परिवार का नाम रोशन किया है। अनिकेत तहबरगंज निवासी किसान रत्नेश पांडेय और ऊषा पांडेय के पुत्र हैं। उन्होंने कुल 483 अंक पाए हैं।
हाईस्कूल के 84.60 और इंटर में 73.54 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज (यूपी बोर्ड) ने जिस तरह वर्ष 2023 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा कराने में बाजी मारी, उसी तरह परीक्षा परिणाम घोषित करने में भी इतिहास रचने का काम किया है। बाकी बोर्ड काफी पीछे छूट गए हैं। जिले में हाईस्कूल के 84.60 प्रतिशत और इंटरमीडिएट के 73.54 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए।
बतादें कि वर्ष 2023 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए हाईस्कूल के 45,509 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें 41,961 परीक्षा में शामिल हुए ओर 35,416 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। जबकि इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए 38,256 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा में 36,037 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिसके सापेक्ष 26,501 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। परिषद सचिव ने मंगलवार को अपरान्ह डेढ़ बजे परीक्षाफल घोषित किया।
इसके बाद स्कूल-कालेजों में कंप्यूटर पर रिजल्ट निकालने का काम शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शुरू कर दिया। जैसे-जैसे रिजल्ट की स्थिति स्पष्ट होती जा रही थी, वैसे-वैसे स्कूल में खुशियां मनाई जाती रहीं। प्रधानाचार्यों ने बच्चों को मिठाई खिलाकर बधाई देने का सिलसिला चलता रहा।
डीआईओएस ने हर्ष जताते हुए दी बधाई
डीआईओएस शौकीन सिंह यादव ने बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यूपी बोर्ड परीक्षा में जिले में सफल परीक्षार्थियों का प्रतिशत संतोषजनक रहा। जो बच्चे परीक्षा में सफल हुए हैं, उन्हें और उनके परिवार को बधाई।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: यूपी बोर्ड का रिजल्ट घोषित होते ही खुशी से उछल पड़े बच्चे
