Bareilly: माफिया अशरफ से तीन दिन तक मिले थे शूटर, पुलिस सोती रही
बरेली, अमृत विचार। उमेश पाल की हत्या से पहले माफिया अतीक अहमद के बेटे समेत शूटरों ने अशरफ से जेल में मुलाकात की थी। जेल में सभी ने एक दिन नहीं बल्कि, 9, 11 और 12 फरवरी को जिला जेल में जेल अधिकारियों की मिलीभगत से मुलाकात की। ऐसे में सवाल उठता है कि स्थानीय पुलिस समेत खुफिया विभाग को इसकी भनक नहीं लगी। तीन दिनों तक मुलाकात के लिए शूटरों ने शहर के एक होटल में भी ठहरे थे।
हत्या की साजिश रच अंजाम तक पहुंचाया, खबर नहीं
माफिया अशरफ जिला जेल में उमेशपाल की हत्या की साजिश रचते हुए शूटरों समेत अन्य लोगों से मुलाकात करता रहा। हैरानी की बात है कि हत्या की साजिश रचने के साथ तीन लोगों की हत्या तक करा दी।बावजूद किसी को खबर तक नहीं हुई। बताया जा रहा है कि अशरफ से तीन दिनों में शूटरों ने करीब 7 घंटे तक जेल में मुलाकात की थी।
माफिया अशरफ से जिला जेल में माफिया अतीक के बेटे असद अहमद, बमबाज गुड्डू मुस्लिम, शूटर गुलाम हसन, अरमान, सदाकत और विजय चौधरी उर्फ उस्मान समेत नौ शूटरों ने मुलाकात की थी। जहां पर आखिरी मुलाकात में अशरफ ने उमेशपाल हत्याकांड को अंजाम देने पर मुहर लगाई थी। हालांकि, इनमें से असद, गुलाम और विजय चौधरी उर्फ उस्मान एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं।
जेल की निगरानी के लिए चौकी इंजार्च भी दिखे नदारत
बिथरी चैनपुर थाना अंतर्गत जेल चौकी बनाई गई है, जो खासकर तौर जेल की निगरानी करती है। हैरानी की बात यह है कि हत्याकांड की साजिश रचने से लेकर हत्याकांड को अंजाम तक पहुंचाए जाने के बाद भी चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी बेखबर रहे। ऐसे में अब स्थानीय पुलिस पर भी सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- Bareilly: चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्ष भिड़े, फायरिंग
