रुद्रपुर: 28 मजदूरों की कार्य बहाली नहीं होने से आक्रोश
इंटरार्क कंपनी के श्रमिकों ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
मजदूरों के वेतन में 1700 रुपये की वृद्धि कराने की मांग
रुद्रपुर, अमृत विचार। इंटरार्क कंपनी के श्रमिक विभिन्न मांगों को लेकर कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने अपर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और 15 दिसंबर 2022 को हुए समझौते को लागू करने की मांग की। साथ ही समझौते के अनुसार तीन माह तक बाहर काम कर लौटे 28 मजदूरों की सवैतनिक कार्य बहाली की मांग की।
बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे इंटरार्क श्रमिकों ने कहा कि 15 दिसंबर 2022 को अपर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सहायक श्रमायुक्त समेत ऊधमसिंह नगर जिले के उच्च अधिकारियों की मध्यस्थता में इंटरार्क कंपनी प्रबंधन एवं मजदूर यूनियन प्रतिनिधियों के मध्य समझौता हुआ था।
उन्होंने कहा कि समझौते के अनुसार श्रमिक तीन माह तक दूसरे स्थान पर कार्य कर 28 मजदूर वापस लौट गए हैं। लेकिन, उन्हें समझौते के तहत नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने सवैतनिक कार्यबहाली कराने और समझौते के अनुसार सभी मजदूरों के वेतन में 1700 रुपये की वृद्धि करने की मांग की।
श्रमिकों ने जिला प्रशासन को हस्तक्षेप कर इस समझौते को जल्द लागू करने की मांग की। कार्यक्रम में इंटरार्क मजदूर संगठन ऊधमसिंह नगर के अध्यक्ष दलजीत सिंह, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के रुद्रपुर शहर सचिव शिवदेव सिंह, सुब्रत कुमार विश्वास समेत कई श्रमिक उपस्थित थे।
