Haldwani News: हाल-ए-उच्च शिक्षा... बेहद धीमी गति से हो रहे महाविद्यालयों के निर्माण कार्य, 31 मई तय है कार्य पूर्ण होने की तारीख
दीप नेगी, हल्द्वानी, अमृत विचार। राज्य के महाविद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्यों के पूरा होने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। निर्माण कार्यों की तय समय सीमा पूरी हो गई, लेकिन कार्य अब भी अधूरे हैं।
वर्षों से बन रहे भवन और छात्रावास का कार्य अब भी पूरा नहीं हो सका है। इसका विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उच्च शिक्षा विभाग ने अब 31 मई 2023 तक निमार्ण कार्य पूरा करने की डेट लाइन जारी कर दी है। इस अवधि तक कार्य पूरे न होने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
राजकीय महाविद्यालय मंगलौर (हरिद्वार) के लिए 9 अक्तूबर 2015 को भवन निर्माण का आगणन स्वीकृत हो गया था। तब से भवन निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है। दुगनाकुरी में भवन निर्माण के लिए 2 नवंबर 2019 को आंगणन स्वीकृत हुआ।
एमओयू के अनुसार कार्यदायी संस्था ने मई 2021 तक कार्य पूरा करना था, लेकिन अब तक कार्य पूरा नहीं हुआ है। प्रदेश में ऐसे कई महाविद्यालय हैं, जो कार्य पूरा होने की निर्धारित अवधि पूरी कर चुके हैं, लेकिन अब तक कार्य पूरे नहीं हो पाए हैं।
भवन और छात्रावास का समय पर न बनना उच्च शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहा है। साथ ही छात्र-छात्राओं को इससे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विभाग और कार्यदायी संस्थाओं की लापरवाही
प्रदेश में कुल 119 राजकीय महाविद्यालय हैं। इनमें 86 महाविद्यालय ऐसे हैं, जिनके भवन बने हैं। 33 महाविद्यालय किराए के भवनों में चल रहे हैं। राज्य के जिन महाविद्यालयों में निर्माण कार्य चल रहे हैं। वहां भी लापरवाही सामने आ रही है।
न तो विभाग अपनी पूरी जिम्मेदारी निभा रहा है और न ही कार्यदायी संस्थाएं। शासन की ओर से करोड़ों रुपये का बजट जारी होने के बाद भी निर्माण कार्यों में ढिलाई बरती जा रही है। इसका सीधा असर विद्यार्थियों पर पड़ रहा है। उन्हें महाविद्यालयों में वे संसाधन नहीं मिल रहे हैं, जो आवश्यक हैं।
इन महाविद्यालयों में नहीं हो पाए निर्माण कार्य समय पर पूरे
राजकीय महाविद्यालय निर्माण कार्य कार्य अवधि, भौतिक प्रगति
मंगलौर (हरिद्वार) भवन कार्य प्रगति पर
दुगनाकुरी (बागेश्वर) भवन मई 2021
कोटाबाग भवन मार्च 2022
उफरैंखाल (पौड़ी गढ़वाल) भवन 80 प्रतिशत कार्य
गणाई गंगोली भवन अप्रैल 2021
नंदानगर (चमोली) भवन जून 2021
पतलोट भवन मई 2021
मालधनचौड़ भवन मार्च 2022
गुप्तकाशी छात्रावास 70 प्रतिशत कार्य
नारायणबगड़ (चमोली) छात्रावास 70 प्रतिशत कार्य
लोहाघाट चाहरदीवारी अक्तूबर 2022
क्या बोले जिम्मेदार...
उच्च शिक्षा के निदेशक डॉ. चंद्र दत्त सूंठा ने बताया कि 31 मई 2023 तक महाविद्यालयों में निर्माण पूरा करने की डेट लाइन जारी कर दी गई है। कार्यदायी संस्थाओं को निर्धारित अवधि तक कार्य पूरा करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। कार्य पूरा न होने पर निर्माण एजेंसियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Haldwani News: नहीं थम रहे कोविड केस, जिले में मिले 28 पॉजिटिव, एक्टिव मरीजों की संख्या पहुंची 66
