हल्द्वानी: परिवहन निगम ने अवैध दुकानदारों के खिलाफ कसा शिकंजा जल्द होगी बड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी अमृत विचार। हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन में अवैध तरीके से दुकान खोलकर धंधा कर रहे दुकानदारों की बिजली बुधवार को परिवहन निगम ने काट दी है। निगम अधिकारियों की इस कार्रवाई से अवैध दुकानदारों में हड़कंप मचा है। अमृत विचार ने 25 अप्रैल को 'रोडवेज की बिजली से जगमगा रहा अवैध धंधा' शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी।
जिसके बाद हरकत में आए परिवहन निगम ने बुधवार को इन दुकानों की बिजली काट दी है। बतादें कि रोडवेज स्टेशन के अंदर दो दुकानें अवैध तरीके से लगी हैं। दोनों दुकानदार लंबे समय से निगम की बिजली से धंधा कर रहे थे। बुधवार को बिजली कटने के बाद दुकानदार मोबाइल और चार्जिंग लाइट की रोशनी में धंधा करते दिखे।
परिवहन निगम की इस कार्रवाई से स्टेशन में अवैध अतिक्रमण के हटने की उम्मीद बढ़ गई है। अधिकारियों पर दबाब बनाने में जुटे अवैध दुकानदारों की बिजली कटने के बाद निगम अधिकारियों पर दबाव बनाने का सिलसिला शुरू हो गया है। बताया जाता है कि बिजली कटने के बाद दुकानदार व दुकान स्वामी अपने-अपने स्तर से अधिकारियों पर दबाव बनाने में जुटे रहे। सूत्रों के मुताबिक जिन नेताओं ने अवैध दुकानदारों के लिए सिफारिश की थी, वह भी अधिकारियों पर दबाव बना रहे हैं। जिससे अवैध दुकानों की काटी गई बिजली को दोबारा जोड़ा जा सके।
कोट- मुख्यालय से दुकानों को हटाने के आदेश आए हैं। बुधवार को दुकानों का बिजली कनेक्शन काटकर दुकान स्वामियों को दुकान हटाने को कहा है। दुकान न हटाने पर मामले में प्रशासन की मदद ली जाएगी।
- एसएस बिष्ट, सहायक महाप्रबंधक हल्द्वानी डिपो
