बदायूं: सिविल लाइन पुलिस के सामने ठेकेदार को नंगा कर सड़क पर घसीटा, तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बदायूं, अमृत विचार। शहर में सरेराह वीडियो गेम की दुकान संचालक और उसके बेटों ने ठेकेदार को कोतवाली सिविल लाइन पुलिस के सामने ही नंगा करके सड़क पर घसीटकर पीटा। उसे पीटते हुए मैकूलाल पुलिस चौकी तक लाए। सोशल साइट्स पर इसका वीडियो वायरल हुआ है। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है लेकिन पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी निवासी संदीप मिश्रा ठेकेदार हैं। उन्होंने पता चला कि मोहल्ला कृष्णापुरी स्थित वीडियो गेम की दुकान के संचालक ने उनके भतीजे को वीडियो गेम खिलाने के नाम पर हजारों रुपये ठगने के अलावा उससे घर पर रखे लाखों के आभूषण मंगवा लिए हैं। जिसके बाद संदीप मिश्रा वीडियो गेम की दुकान संचालक से बात करने के लिए वहां गए थे। दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। काफी देर तक कहासुनी हुई। आसपास मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया था। जिसके बाद 23 अप्रैल की दोपहर संदीप मिश्रा अपने घर से कार से ओवरब्रिज के नीचे स्थित रेलवे क्रासिंग की ओर जा रहे थे।

इसी दौरान वीडियो गेम की दुकान के संचालक कृष्णपाल शर्मा पुत्र चेतराम शर्मा और उनके दो बेटे देव ऋषि मिश्रा, अभिषेक मिश्रा ने उन्हें घेर लिया। गाली देना शुरू कर दिया। संदीप मिश्रा बात करने के लिए अपनी कार से बाहर निकलकर आए। आरोप है कि पिता और उनके दोनों बेटों ने संदीप मिश्रा की गाड़ी तोड़ दी और उन्हें बुरी तरह से पीटना शुरू कर दिया। उनके कपड़े फाड़ दिए। जमीन पर घसीटकर ले जाने लगे। हंगामा होने पर पास में ही कोतवाली सिविल लाइन के पुलिसकर्मी पहुंच गए। 

उन्हें देखने के बाद भी आरोपी नहीं रुके। पुलिसकर्मियों ने आरोपियों के चुंगल से संदीप मिश्रा को बचाना चाहा लेकिन दो आरोपियों ने पुलिसकर्मियों से ही अभद्रता की। जिसके बाद पुलिसकर्मी उनके साथ तो चलते रहे लेकिन उन्हें रोकने का साहस नहीं जुटा सके। संदीप मिश्रा ने कई बार छूटने की कोशिश की लेकिन आरोपी उन्हें घसीटते रहे। वह संदीप मिश्रा को पीटते हुए पुलिस चौकी तक ले गए। पीड़ित के भाई कुलदीप मिश्रा की तहरीर पर पुलिस ने अगले दिन आरोपी कृष्णपाल शर्मा, देव ऋषि मिश्रा, अभिषेक मिश्रा के खिलाफ मारपीट, धमकाने से लेकर विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। मंगलवार को देर रात किसी ने घटना का वीडियो वायरल किया तो पुलिस की बहुत किरकिरी हो रही है कि सामने होने के बाद भी वह युवक को नहीं छुड़ा सके। कोतवाली सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक गौरव विश्नोई ने बताया कि मामले की तहरीर प्राप्त हुई थी। रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आगे जांच की जा रही है।

ये भी पढे़ं- बदायूं: एटीएम कार्ड बदलकर 20 मिनट में खाली कर देते थे बैंक खाता, दो गिरफ्तार

 

संबंधित समाचार