UP Nikay Chunav 2023 : राष्ट्रीय अध्यक्ष की नहीं सुनता है जिले का सपा संगठन, चल रही है जबरदस्त खींचतान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पार्टी सिंबल किसी और को देती है, जिला संगठन किसी और को समर्थित बनाता है

संत कबीर नगर, अमृत विचार। संतकबीरनगर जिले में समाजवादी पार्टी अपनी छीछालेदर कराने पर आमादा है। यहां की स्थिति यह है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जिसे अपना प्रत्याशी घोषित करते हैं उसे जिला संगठन स्वीकार करने से मना कर देता है। अब आलम यह है कि जिले की जनता समाजवादी पार्टी के खेल तमाशे पर ठहाके लगा रही है। बताते चलें कि नगर निकाय चुनाव में नगरपालिका खलीलाबाद के लिए समाजवादी पार्टी ने पूर्व चेयरमैन जगत जायसवाल को अपना प्रत्याशी घोषित किया था। जगत जायसवाल ने  जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम सहित जिले के सभी प्रमुख पदाधिकारियों की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। 

इसी बीच सपा के दूसरे खेमे ने जगत जायसवाल की आरएसएस वाली पृष्ठभूमि को राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने रखकर उनकी प्रत्याशिता समाप्त कराते हुए नगर के मशहूर ब्यवसाई पवन कुमार छापड़िया को प्रत्याशी घोषित करा दिया। पवन कुमार छापड़िया ने नामांकन के आखिरी दिन अपना नामांकन दाखिल कर दिया। बाद के घटनाक्रम में समाजवादी पार्टी की जिला कमेटी ने बुधवार को जिला कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी ने अन्तिम निर्णय लेते हुए जगत जायसवाल को ही समर्थन देने का निर्णय लिया है। इसी प्रकार से नगर पंचायत हैंसर बाजार से पूर्व घोषित प्रत्याशी सुभावती देवी के स्थान पर निर्दलीय प्रत्याशी मनीषा पासवान को समर्थन देने का फैसला किया है। 

जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम ने बताया कि पार्टी द्वारा नगरपालिका खलीलाबाद से घोषित प्रत्याशी पवन कुमार छापड़िया और नगर पंचायत हैंसर बाजार से घोषित प्रत्याशी सुभावती देवी बृहस्पतिवार को नामांकन वापसी के दिन अपना नामांकन पत्र वापस ले लेंगे। अब जब कि नामांकन वापसी की समय सीमा समाप्त हो चुकी है और इन दोनों प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस नहीं लिया। दोनों प्रत्याशियों ने कहा कि हम समाजवादी पार्टी द्वारा घोषित प्रत्याशी हैं। पार्टी नेतृत्व द्वारा हमें नामांकन वापसी के लिए कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। ऐसे में हम लोग पार्टी के सिम्बल पर चुनाव लड़ेंगे और पार्टी के जो भी समर्पित पदाधिकारी और कार्यकर्ता हैं वे हमारे साथ खड़े रहेंगे। 

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आगामी 30 अप्रैल को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पूर्व सांसद सुरेंद्र यादव की पुण्यतिथि में शामिल होने खलीलाबाद पहुंच रहे हैं। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनाव पर चर्चा भी करेंगे। अब सवाल यह उठता है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव अपने द्वारा घोषित प्रत्याशियों के समर्थन की घोषणा करते हैं या चुनाव चिन्ह साइकिल को बाईकाट कर निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन का ऐलान करते हैं। सारी तस्वीरें 30 अप्रैल को साफ हो जाएंगी लेकिन समाजवादी पार्टी के इस शह मात के खेल पर जिले की जनता खूब ठहाके लगा रही है।


ये भी पढ़ें -पद्मश्री ओलंपियन मुक्केबाज कौर सिंह का निधन, मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जताया शोक

संबंधित समाचार