बाजपुर: छात्र को युवकों ने घेरा... गंडासे से हमले का प्रयास...भीड़ जुटने पर बची जान
बाजपुर, अमृत विचार। छुट्टी के बाद स्कूल से बाहर निकले छात्र को गंडासा लेकर पहुंचे युवकों ने घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज व धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इसी बीच अन्य छात्रों की भीड़ जुटने पर हमलावर गंडासा व बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़ित छात्र के पिता ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने गंडासा व बाइक को कब्जे में ले लिया है।
ग्राम बेरिया दौलत निवासी भजन सिंह पुत्र करतार सिंह ने तहरीर देकर पुलिस को बताया कि उसका बेटा बेरिया रोड स्थित एक स्कूल का विद्यार्थी है। आरोप है कि गुरुवार को वह जैसे ही स्कूल की छूट्टी होने के बाद बाहर आया तो वहां मौजूद एक युवक ने बिना किसी कारण के छात्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध किया तो आरोपित ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मारपीट पर उतारू हो गए। इतना ही नहीं गंडासा लेकर आए आरोपियों ने छात्र पर हमले का प्रयास किया। छात्र को भविष्य में जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
