काशीपुर: प्रदेश सरकार ने शराब से वसूला 2648.1 करोड़ टैक्स
काशीपुर, अमृत विचार। प्रदेश के राज्य कर विभाग सेल्स टैक्स-वैट से वित्तीय वर्ष 2001-02 से 2022-23 (जनवरी 23 तक) 2648.1 करोड़ रुपये का टैक्स राजस्व शराब की बिक्री पर वसूला है। वर्ष 2022-23 का कुल टैक्स राजस्व 361.05 करोड़, वर्ष 2001-02 के 15.90 करोड़ की तुलना में 22 गुना से अधिक है। यह खुलासा सूचना अधिकार में हुआ है।
काशीपुर निवासी सूचना अधिकार कार्यकर्ता नदीम उद्दीन एडवोकेट ने आयुक्त कर कार्यालय से प्रदेश भर में शराब पर वसूले गए टैक्स राजस्व की धनराशियों की सूचना मांगी थी। इसके उत्तर में राज्य कर मुख्यालय देहरादून के लोक सूचना अधिकारी/उपायुक्त दीपक बृजवाल ने 2020-21 से 20022-23 (जनवरी 2023 तक) के शराब से प्राप्त कर राजस्व की धनराशियों की सूचना उपलब्ध कराई है।
इससे पूर्व 2001-02 से 2020-21 तक की धनराशियों की सूचना उपलब्ध कराई जा चुकी है। उपलब्ध सूचना के अनुसार उत्तराखंड गठन के बाद वर्ष 2001-02 से 2022-23 (जनवरी 2023 तक) शराब पर विभाग ने 2648.1 करोड़ टैक्स वसूला है। चौकाने वाली बात यह है कि वर्ष 2020-21 में कारोना काल में 2019-20 की तुलना में 39 करोड़ रुपये अधिक टैक्स वसूला गया है। इसके अतिरिक्त वर्ष 2021-22 में 334.43 करोड़ रुपये टैक्स वसूला है तथा 2022-23 के जनवरी 2023 तक 10 माह में पिछले वर्ष 2021-22 में 12 महीने में वसूले टैक्स की अपेक्षा 15 करोड़ अधिक टैक्स वसूला गया है।
