कानपुर में ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 1850 पर FIR दर्ज, रोक के बावजूद सड़क पर पढ़ी थी नमाज
वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही पुलिस
अमृत विचार, कानपुर। रोक के बावजूद ईद के त्योहार पर सड़क पर नमाज पढ़ने के मामले ने बड़ा तूल पकड़ लिया है। प्रशासन ने ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 1850 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई बजरिया, जाजमऊ और बाबूपुरवा थानाक्षेत्र की पुलिस ने की है। इस कार्रवाई के होते ही अल्पसंख्यक वर्ग में आक्रोश व्याप्त है।
बजरिया थाना में तैनात एसएसआई ओमवीर सिंह ने बताया कि ईद के मौके पर बेनाझाबर स्थित मरकजी ईदगाह में उनकी ड्यूटी लगी हुई थी। ईदगाह कमेटी के सदस्यों के साथ ही लोगों को बताया गया था कि सड़क पर बैठकर नमाज नहीं पढ़ी जाए, यदि कोई नमाज पढ़ने में छूट जाता है कि उन्हें दोबारा मस्जिद में नमाज पढ़ाई जाएगी। लेकिन इसके बाद भी लोग ईदगाह गेट के बाहर सड़क पर नमाज पढ़ने बैठ गए। जिससे रास्ता बंद हो गया और राहगीरों को आने जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसे लेकर उन्होंने ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 1500 लोगों के खिलाफ बजरिया थाने में लोक सेवक के कर्तव्य में बाधा डालने, महामारी अधिनियम समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है।
इसी प्रकार जाजमऊ स्थित ईदगाह के बाहर दादा मियां मजार रोड पर रोक के बावजूद नमाज पढ़ने पर बुधवार शाम चौकी प्रभारी राजबहादुर सिंह ने इंतजामियां ईदगाह जाजमऊ कमेटी के सदस्यों समेत 300 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं बेगमपुरवा चौकी इंचार्ज बृजेश कुमार सिंह ने बेगमपुरवा ईदगाह कमेटी के सदस्यों समेत 50 लोगों के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इस कार्रवाई के बाद से मुस्लिमों में हड़कंप मच गया। पुलिस के प्रति काफी रोष व्याप्त है।
वर्जन -
ईद पर सड़क पर नमाज पढ़ने पर रोक थी। फिर भी कुछ लोगों ने ऐसा किया। लिहाजा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। फोटो और वीडियो के आधार उनकी पहचान की जा रही है। -आनंद प्रकाश तिवारी, संयुक्त पुलिस आयुक्त
ये भी पढ़ें -कानपुर : शातिर सटोरिया गिरफ्तार, आईपीएल में ऑनलाइन लगवाता था पैसा
